Haryana News: हरियाणा सरकार ने पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में ऐलान किया कि गुरुग्राम के मानेसर इलाके में डिज्नीलैंड एम्यूज़मेंट पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए 500 एकड़ जमीन की पहचान कर ली गई है। इस पार्क की खास बात ये होगी कि यह भारत का पहला डिज्नीलैंड होगा, जिसे इंटरनेशनल एनिमेशन दिग्गजों के सहयोग से तैयार किया जाएगा। ये प्रोजेक्ट न केवल राज्य के लिए बल्कि पूरे देश के लिए एक गेम चेंजर साबित हो सकता है।
क्या बोले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी?
मुख्यमंत्री सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की और इस प्रोजेक्ट पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि डिज्नीलैंड पार्क एनसीआर क्षेत्र में आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से बड़ा बदलाव लाएगा। इससे न केवल अंतरराष्ट्रीय पर्यटक हरियाणा की ओर आकर्षित होंगे बल्कि हजारों लोगों को सीधा और अप्रत्यक्ष रोजगार भी मिलेगा। यह पूरा इलाका पर्यटन का केंद्र बन जाएगा और प्रदेश को वैश्विक नक्शे पर एक नई पहचान मिलेगी।

गुरुग्राम ही क्यों चुना गया?
मुख्यमंत्री सैनी ने गुरुग्राम को डिज्नीलैंड के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बताया है। उन्होंने कहा कि “गुरुग्राम एनसीआर का दिल है, जहां कई फॉर्च्यून 500 कंपनियों के दफ्तर हैं और यहां से सबसे अधिक राजस्व राज्य को प्राप्त होता है। इसके अलावा यह स्थान वेस्टर्न पेरिफेरल (KMP) एक्सप्रेसवे और हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (HORC) से जुड़ा हुआ है, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लोग आसानी से यहां पहुंच सकेंगे।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गुरुग्राम में बन रहा ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट, जो 1000 एकड़ में फैला होगा, डिज्नीलैंड प्रोजेक्ट को और भी मजबूत बनाएगा। यह पूरा क्षेत्र ‘वर्क टू वॉक’ कॉन्सेप्ट पर आधारित होगा, जहां हर सुविधा नजदीक होगी।
हरियाणा बनेगा टूरिज्म का ग्लोबल हब
डिज्नीलैंड पार्क का सपना सिर्फ एक पार्क तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री सैनी कुरुक्षेत्र में होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को भी वैश्विक स्तर पर ले जाने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा सूरजकुंड मेले को साल में एक बार की बजाय तीन बार आयोजित करने की तैयारी भी चल रही है। इन सभी परियोजनाओं से यह साफ है कि हरियाणा को एक ऐसा राज्य बनाने की कोशिश हो रही है जो सिर्फ इंडस्ट्रियल और एग्रीकल्चरल ही नहीं, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी देश का सबसे मजबूत राज्य बन सके। डिज्नीलैंड जैसे इंटरनेशनल लेवल के प्रोजेक्ट हरियाणा को टूरिज्म हब बनाने की दिशा में बेहद अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply