CM नायब सिंह सैनी को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ की ओर से जान से मारने की सीधी धमकी
स्कूलों को भेजी गई ईमेल में कहा गया है कि मोदी-शाह और जयशंकर आतंकवादी और सिखों के दुश्मन हैं

सत्य खबर हरियाणा
KNA Threat : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ की ओर से जान से मारने की सीधी धमकी मिली है। मंगलवार सुबह गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को भेजे गए एक ईमेल में मुख्यमंत्री को निशाना बनाने के साथ-साथ शहर के स्कूलों और ट्रेनों को बम से उड़ाने का अल्टीमेटम दिया गया है। इस सनसनीखेज ईमेल के बाद प्रदेश की तमाम सुरक्षा एजेंसियां और खुफिया विभाग अलर्ट पर हैं।

जानकारी के मुताबिक, स्कूलों को भेजी गई ईमेल में कहा गया है कि मोदी-शाह और जयशंकर आतंकवादी और सिखों के दुश्मन हैं। निज्जर को शहीद बताते हुए उसका बदला लेने की बात भी ईमेल में कही गई है। सुबह करीब सवा सात बजे आई इस ईमेल में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट स्कूलों में बम ब्लास्ट किए जाने की बात कही गई है। इसके साथ ही 3 बजकर 11 मिनट पर ट्रेनों में भी बम विस्फोट किए जाने की बात कही गई है। यह ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ से गुरंख सिंह रुकांन शाहवाला व डॉ गुमिरवेर सिंह खान रजाड़ा की तरफ से भेजे जाने की बात कही गई है।
ईमेल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम लेते हुए उन्हें सीधे तौर पर चेतावनी दी गई है। पत्र में लिखा गया है कि मुख्यमंत्री के पास ‘एक मौका’ है, यदि उन्होंने हरियाणा विधानसभा में खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन नहीं किया या पंजाब के साथ जुड़ने का विरोध किया, तो उनकी “जिंदगी खत्म” कर दी जाएगी। इसमें हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का बदला लेने की बात भी कही गई है।
स्कूलों को भेजी गई ईमेल की जानकारी जब गुड़गांव पुलिस को मिली तो तुरंत ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवायड को मौके पर भेजा गया जिन्होंने स्कूलों में जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि यह ईमेल गुड़गांव सेक्टर-14 के डीएवी स्कूल, सेक्टर-10 के अल्पाइन स्कूल, सेक्टर-4 के सीसीए स्कूल, ब्लू बेल्स स्कूल, डीपीएस स्कूल, कॉस्मोपॉलिटन सहित करीब एक दर्जन से ज्यादा स्कूलों को प्राप्त हुई है। इन सभी स्कूलों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम को यह सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा जांच के बाद राहत की सांस ली है। पुलिस की मानें तो साइबर अपराध की टीमों को जांच के लिए लगाया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह ईमेल कहां से आई थी।
स्कूलों और ट्रेनों में धमाकों का समय तय
ईमेल में न केवल मुख्यमंत्री को धमकी दी गई है, बल्कि आम जनता और बच्चों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। मंगलवार सुबह 7:13 बजे प्राप्त हुए इस संदेश के अनुसार, दोपहर 1:11 बजे गुरुग्राम के स्कूलों में और दोपहर 3:11 बजे ट्रेनों में सिलसिलेवार बम धमाके शुरू करने का दावा किया गया है। यह ईमेल विशेष रूप से डीएवी स्कूल सेक्टर-14, सेक्टर-49 और डीएवी पीपीएसजी को भेजा गया है। पत्र के ऊपर ‘हरियाणा है खालिस्तान’ और ‘अपने बच्चे बचाओ’ जैसे भड़काऊ नारे भी लिखे गए हैं।
पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई
धमकी की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारी और बम निरोधक दस्ता हरकत में आ गया है। संबंधित स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल भेजने वाले के रूप में ‘इंजीनियर गुरनाख सिंह’ और ‘डॉ. गुरनिरवैर सिंह’ का नाम दर्ज है। साइबर सेल की टीमें ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक कर रही हैं ताकि भेजने वाले का पता लगाया जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और सतर्क रहें।
जांच के घेरे में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’
ईमेल में खालिस्तान जनमत संग्रह (Referendum) का भी समर्थन करने की बात कही गई है। पुलिस की साइबर सेल अब इस ईमेल के स्रोत (Source) की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश। अधिकारियों के अनुसार, सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
कब-कब हरियाणा और चंडीगढ़ के स्कूलों को मिली धमकियां
आपको बता दें कि स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बल्कि इससे पहले भी दो बार इस तरह की धमकी भरे ईमेल इसी साल की शुरूआत में भी स्कूलों को मिले थे। इस दौरान दो दर्जन से ज्यादा स्कूलों को ईमेल मिलने के बाद स्कूलों को सेनेटाइज किया था। वहीं, पुलिस कमिश्नर ने भी स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वह इस तरह की ईमेल को लेकर पैनिक न हों। पुलिस ने सुरक्षा के सभी पैमानों पर जांच शुरू कर दी है।
19 जनवरी: अंबाला के 3 स्कूलों को ‘हरियाणा बनेगा खालिस्तान’ के संदेश के साथ धमकी मिली।
28 जनवरी: चंडीगढ़ के 26 स्कूलों को एक साथ ईमेल भेजकर डराया गया।
11 फरवरी: मोहाली के 16 निजी स्कूलों को ‘ह्यूमन बम’ हमले की चेतावनी मिली।
27 फरवरी: चंडीगढ़ के शिवालिक पब्लिक स्कूल और कार्मल कॉन्वेंट सहित कई स्कूलों को फिर निशाना बनाया गया।
2 मार्च: जालंधर के 2 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
10 मार्च (आज): गुरुग्राम के कई स्कूलों को ईमेल मिला, जिसमें दोपहर 1:11 बजे धमाके का दावा किया गया।