पानीपत में SBI के चीफ मैनेजर की हत्या का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में 2 के पैरों में लगी गोली
हत्या कर लूटा था डेढ़ तोला सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट, मोबाइल फोन और पर्स

सत्य खबर हरियाणा
Police Encounter: पानीपत में एसबीआई के चीफ मैनेजर हर्षद कुमार से लूटपाट के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो आरोपियों को बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, जिनके पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

दिन में एक, रात में मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (आईपीएस) ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि सीआईए-वन की टीम ने पहले डाबर कॉलोनी निवासी शरद को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर देर रात डाबर कॉलोनी निवासी सचिन और सुभाष नगर निवासी नवीन को पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर जालपाड़ के खेतों से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा करते हुए आरोपियों के पैरों की ओर गोली चलाई, जिससे दोनों घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
1 जून की रात हुई थी वारदात
एसपी ने बताया कि 1 जून की रात हिसार से लौट रहे एसबीआई की रीजनल शाखा के चीफ मैनेजर हर्षद कुमार बस स्टैंड से पैदल अपने घर जा रहे थे। सेक्टर-25 स्थित मित्तल मॉल के पीछे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर सिर के पास नुकीली वस्तु से हमला किया और उनकी करीब डेढ़ तोला सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट, मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया।
गंभीर रूप से घायल हर्षद कुमार को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दिल्ली के मैक्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां 5 जून को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनकी पत्नी किरण की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया।
सचिन निकला गिरोह का मास्टरमाइंड
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह का मास्टरमाइंड सचिन है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी वारदात वाली रात राहगीरों को निशाना बनाने के इरादे से बाइक पर घूम रहे थे। पाइट स्कूल के पास उन्होंने अकेले जा रहे हर्षद कुमार को निशाना बनाया और लूटपाट के दौरान उन पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए।
लूटा गया ब्रेसलेट बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी शरद के कब्जे से लूटा गया चांदी का ब्रेसलेट बरामद कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य साक्ष्य जुटाने का प्रयास करेगी।
दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
जांच में सामने आया है कि आरोपी नवीन और शरद पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। नवीन के खिलाफ लूट के तीन मामले दर्ज हैं। शरद के खिलाफ लूट और चोरी के तीन मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे।
- एसपी की चेतावनी
एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और संगठित अपराध पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#HaryanaNews #SBIChiefManager #PanipatCrime #MurderInvestigation #PoliceEncounter #CrimeReport #JusticeServed #LawAndOrder #CriminalJustice #PublicSafety #CrimeNews #HaryanaPolice #AccusedArrested #SBI #CommunitySafety #PoliceAction #CrimePrevention #LocalNews #BreakingNews #SafetyFirst