हरियाणा में मानसून से पहले अच्छी बारिश बनी फसलों के लिए वरदान, आज सामान्य रहेगा मौसम
हरियाणा के तापमान में शनिवार को मामूली वृद्धि लेकिन तापमान सामान्य से कम

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : गुरुवार और शुक्रवार को हुई बारिश का असर कल दिन के तापमान में भी दिखाई दिया। IMD के मुताबिक आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 15 जून को सिरसा और फतेहाबाद को छोड़कर, हरियाणा और चंडीगढ़ में अलग-अलग जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। IMD चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पॉल के अनुसार, अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे चार से छह डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को हरियाणा में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। कुछ इलाकों को छोड़कर बारिश की संभावना नहीं है लेकिन हीटवेव भी नहीं चलेगी।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में 17 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान हवाओं की दिशा और गति में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वातावरण में पहले से मौजूद नमी की वजह से बीच-बीच में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई छा सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ धूलभरी हवाएं चलने और कहीं-कहीं केवल छिटपुट बूंदाबांदी की ही संभावना है। बड़े स्तर पर या भारी बारिश की उम्मीद नहीं है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। आने वाले दिनों में भी रूक-रूक कर वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। हरियाणा में 20 जून के आसपास प्री-मानसून की वर्षा शुरू हो जाती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश के कुछ जिलों में आने वाले दिनों में हल्की रूक-रूक की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा तापमान के भी बढ़ने की उम्मीद है। विज्ञानियों ने कहा कि मौसम साफ रहने से दिन के समय गर्मी हो सकती है।
मानसून से पहले 61% ज्यादा बारिश
हरियाणा में प्री-मानसून के दौरान सामान्य (14.2 एमएम) के मुकाबले 61 फीसदी अधिक यानी 22.9 एमएम बारिश हो चुकी है। इस झमाझम बरसात से खरीफ फसलों को संजीवनी मिली है, जिससे खेतों में बिजाई का काम अब तेजी पकड़ेगा।
हरियाणा में तापमान
अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बारिश के असर के कारण यह अभी भी सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। दिन में नारनौल 38.0 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, लेकिन ज्यादातर जिलों में पारा 33 से 35 डिग्री के बीच रहने से बड़ी राहत है। अंबाला में न्यूनतम तापमान 24.5 और अधिकतम तापमान 34.5 दर्ज किया गया। भिवानी में 20 और 33, गुरुग्राम में 20.1 और 34.6, हिसार में 22.9 और 35.6, करनाल में 24.0 और 33.7, नारनौल में 19.0 और 38.0, रोहतक में 23.2 और 33.0, सिरसा में 22.0 और 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
#HaryanaRainfall #PreMonsoon #CropBoost #WeatherUpdate #AgricultureNews #FarmingCommunity #SustainableFarming #RainySeason #HealthyCrops #FarmersOfHaryana #WeatherForecast #AgriculturalGrowth #CropHealth #MonsoonPreparation #HaryanaAgriculture #NatureBlessings #ClimateImpact #RuralDevelopment #FoodSecurity #WeatherConditions