फरीदाबाद में 3000 से ज्यादा मकान पर खतरे के बादल, डर और अनिश्चितता का माहौल
डीटीपी विभाग ने मकान का नोटिस चस्पा किए, लोगों की उड़ी नींद

सत्य खबर हरियाणा
More than 3000 Houses will be Demolished in Faridabad : फरीदाबाद में एक बार फिर प्रशासन की कार्रवाई को लेकर हजारों परिवारों की चिंता बढ़ गई है। नेहरू कॉलोनी में हुई बड़ी तोड़फोड़ के बाद अब दीपावली कॉलोनी समेत करीब एक दर्जन कॉलोनियों के लोगों के घरों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए हैं। नोटिस में अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माण पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके बाद कॉलोनी में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) इंफोर्समेंट की नई कार्रवाई ने हजारों परिवारों की नींद उड़ा दी है। विभाग तीन हजार से भी ज्यादा मकानों पर कार्रवाही करने की तैयारी कर रहा है। विभाग ने 10 से अधिक कॉलोनियों में घरों और दुकानों के बाहर नोटिस चस्पा कर लोगों को अवैध निर्माण स्वयं हटाने और परिसर खाली करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के द्वारा नोटिस में एक सप्ताह का समय दिया गया है। जिसमें मकानों, दुकानों के जरूरी कागजात विभाग में जमा करने के लिए बोला गया है। जिसके बाद आगे की कार्रवाही को अंजाम दिया जायेगा।

कहां-कहां लगे है नोटिस
डीटीपी विभाग द्वारा जीवन नगर पार्ट-2, गौंछी, दीपावली एन्क्लेव, पंचशील एन्क्लेव, गोठड़ा मोहब्बताबाद, मांगर सहित कई कॉलोनियों में नोटिस लगाए गए है। नोटिस के पीछे की वजह कहीं पर बिना लाइसेंस के जमीन में काटी गई कॉलोनियों का मामला है तो कहीं पर बिना नक्शा के घर, दुकानें बनाई गई हैं। डीटीपी यजन चौधरी ने बताया कि दुर्गा बिल्डर एक लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में सरकार की ओर से दुर्गा बिल्डर की भूमि पर विकसित दीपावली एन्क्लेव और पंचशील एन्क्लेव समेत अन्य क्षेत्रों में बने तीन हजार से अधिक मकानों को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। इसमें चेतावनी दी गई है कि इन इलाकों में किसी भी समय ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है। यहां पर बिना नक्शा के मंजूरी के मकान बनाए गए है।
लोगों में दहशत का माहौल

नोटिस मिलने के बाद प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल है। स्थानीय युवक नवीन ने बताया कि हमारी कॉलोनी में घर के बाहर सरकार की तरफ से नोटिस चिपकाया गया था और उसमें घर खाली करने के लिए कहा गया है, ऐसे में हम घर खाली कैसे कर दें। हमारे पिताजी ने एक-एक पैसे जोड़कर यहां अपना मकान बनाया और हम लगभग 20 साल से रह रहे हैं और हाउस टैक्स, बिजली बिल, सारी चीज हम समय पर भर रहे हैं। इसके अलावा हमारे पास आधार कार्ड, वोटर कार्ड भी है और हर इलेक्शन में हम लोग वोट भी डालते हैं लेकिन उसके बावजूद भी अब सरकार हमारे सिर के ऊपर से छत छीनने में लगी है और ऐसा हम बिल्कुल होने नहीं देंगे। हमने कई नेताओं से, मंत्रियों से भी मुलाकात की है उनकी ओर से आश्वासन मिल रहा है कि तोड़फोड़ नहीं होने देंगे लेकिन आश्वासन तो नेहरू कॉलोनी में भी लोगों को मिला था उसके बावजूद भी नेहरू कॉलोनी को तोड़ दिया गया। हम अब आगे कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं लेकिन इन दिनों सिविल कोर्ट की छुट्टियां चल रही है ऐसे में हम करें तो क्या करें? कुछ भी हो जाए हम अपना मकान खाली नहीं करेंगे। चाहे इसके लिए हमें सुप्रीम कोर्ट ही क्यों ना जाना पड़े? स्थानीय निवासी लाला राम, महिला लक्की सहित दूसरे लोगों ने बताया कि वह लोग खाना तक नहीं खा पा रहे है। उन्होंने अपने पूरे पैसे लगाकर यहां मकान खरीदे हैं। करीब 10 साल से भी ज्यादा का समय उनको रहते हुए यहां पर हो गया है। अब ऐसे में उनको बताया जा रहा है कि वो गलत जगह पर आकर बसे हैं।
प्रशासन में सुरक्षित स्थान पर जाने की दी सलाह
प्रशासन ने लोगों को समय रहते अपना सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सलाह दी है। नोटिस में ये भी उल्लेख किया गया है कि कार्रवाई के दौरान होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की स्वयं होगी। इन नोटिसों के बाद दीपावली कॉलोनी और आसपास के कॉलोनी में रहने वाले करीब 3000 परिवारों के सामने अपने आशियाने को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। इनमें से कई परिवार पिछले 30 से 35 वर्षों से यहां रह रहे हैं और अब उन्हें अपने घर उजड़ने का डर सता रहा है।
जीवन नगर में 5 एकड़ में बसी कॉलोनी
डीटीपी ने बताया कि जीवन नगर में 5 एकड़ में अवैध रूप से कॉलोनी काटी गई थी। जिस प्रापर्टी डीलर के द्वारा इसको बनाया गया उसके पास किसी प्रकार का कोई लाइसेंस नही थी। लोगों ने भले ही यहां पर रजिस्ट्री करा ली हो लेकिन इससे उनको केवल मालिकाना हक मिलता है । वह जमीन पर मकान, दुकान या फिर किसी अन्या प्रकार का निर्माण नहीं कर सकते हैं।
#Faridabad #HaryanaNews #HousingCrisis #CommunitySafety #UrbanDevelopment #LocalIssues #FearAndUncertainty #HomeThreat #SocialAwareness #CivicEngagement #PublicSafety #NeighborhoodWatch #HousingConcerns #FaridabadResidents #CrisisManagement #GovernmentResponse #CommunitySupport #RealEstateChallenges #SafetyFirst #HaryanaUpdates