Ramayan में सबसे ज्यादा कमाई वाला सितारा कौन? रणबीर या सनी नहीं, यश ने रचा इतिहास

महाकाव्य ‘Ramayan’ को इस बार निर्देशक नितेश तिवारी बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं। हाल ही में फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज किया गया, जिसे देखने के बाद दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 12 जुलाई को फिल्म का VFX आधारित टीजर भी रिलीज किया गया। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साईं पल्लवी माता सीता और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में कई बड़े सितारे शामिल हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ‘रामायण’ के मुख्य कलाकारों में से किस अभिनेता की फिल्म ने अब तक सबसे ज्यादा कमाई की है? अगर आप सोच रहे हैं कि वह रणबीर कपूर या सनी देओल हैं, तो ऐसा नहीं है।
यश हैं ‘रामायण’ के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले स्टार
‘रामायण’ में लंकापति रावण की भूमिका निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश वह अभिनेता हैं, जिनकी फिल्म ने सबसे ज्यादा कमाई की है। पूरी कास्ट में यश का नाम ऐसे स्टार के रूप में सामने आता है, जिनकी फिल्म ने कमाई के मामले में रिकॉर्ड तोड़ा और भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर है। यश की फिल्म ‘KGF: चैप्टर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया और विश्व स्तर पर कन्नड़ सिनेमा को नई पहचान दिलाई।

रणबीर कपूर और सनी देओल की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्में
रणबीर कपूर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘एनिमल’ रही है, जो 2023 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने भारत में 553 करोड़ से अधिक और विश्वभर में 915 करोड़ रुपये की कमाई की। रणबीर कपूर ने 2007 में संजय लीला भंसाली की ‘सांवरिया’ से अपने करियर की शुरुआत की थी और 18 वर्षों में कई हिट फिल्में दीं, लेकिन ‘एनिमल’ ने उनके स्टारडम को अलग स्तर पर पहुंचा दिया।
View this post on Instagram
वहीं, सनी देओल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘गदर 2’ रही, जिसने 2023 में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया। ‘गदर 2’ ने भारत में 525 करोड़ रुपये और विश्वभर में 686 करोड़ रुपये की कमाई की। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमीषा पटेल, उत्कर्ष शर्मा और हसरिमरत कौर ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं।
यश की ‘KGF: चैप्टर 2’ ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
यश की ‘KGF: चैप्टर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा दिया। अप्रैल 2022 में रिलीज हुई इस फिल्म ने भारत में 856 करोड़ और विश्वभर में 1230 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की और भारत की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। फिल्म के पहले भाग ने भी 2018 में 250 करोड़ रुपये की कमाई की थी, लेकिन दूसरे भाग ने कन्नड़ सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दी।
12 जुलाई को रिलीज हुए रामायण के पहले VFX आधारित फर्स्ट लुक में रणबीर कपूर को श्रीराम और यश को रावण के रूप में दिखाया गया। फिल्म की पूरी कास्ट अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन राम, लक्ष्मण, रावण, सीता और हनुमान जी की भूमिकाओं में नजर आने वाले कलाकारों की जानकारी फर्स्ट लुक के साथ दर्शकों को दे दी गई है, जिससे इस फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है।