Anurag Dhanda: अगर कांग्रेस गठबंधन करती तो वोट चोरी के बावजूद हरियाणा में भाजपा सत्ता में नहीं होती

Anurag Dhanda: अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने बुधवार को बयान जारी कर बीजेपी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की संगठित लूट था। सबसे बड़ा सच यह है कि भाजपा की यह जीत जनता की नहीं, फर्जी वोट, प्रशासनिक दुर्व्यवस्था और कांग्रेस के अहंकार पर टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि हरियाणा कांग्रेस चुनाव से पहले अहंकार छोड़कर आम आदमी पार्टी से गठबंधन कर लेती, तो यह फर्जीवाड़ा संभव ही नहीं होता। कांग्रेस ने गठबंधन से इनकार किया और भाजपा को खुला मैदान दे दिया। आम आदमी पार्टी लगातार चेतावनी दे रही थी कि हरियाणा में नकली वोटरों, फर्जी बूथों और अधिकारियों के दुरुपयोग से लोकतंत्र को नुकसान होगा, लेकिन कांग्रेस ने इन चेतावनियों को अनसुना कर दिया।
उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी कह रहे हैं कि राज्य चुरा लिया गया, लेकिन सवाल यह है कि जब चुनाव चुराने की तैयारी खुलेआम चल रही थी, तब कांग्रेस को गठबंधन क्यों याद नहीं आया? विपक्ष का एकजुट होना ज़रूरी था, पर कांग्रेस ने अपने अहंकार में इसे नज़रअंदाज़ कर दिया और हरियाणा को भाजपा के हवाले कर दिया।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा की जनता जानती है कि 27 सीटों पर आम आदमी पार्टी मज़बूत थी। यदि कांग्रेस-आम आदमी पार्टी का गठबंधन हुआ होता, तो भाजपा 25 सीटें भी पार नहीं कर पाती। यह सिर्फ गणित नहीं, जमीनी हकीकत थी। हरियाणा की सत्ता आज भाजपा के हाथ में इसलिए है, क्योंकि कांग्रेस ने विपक्ष को समय रहते एकजुट नहीं होने दिया।

उन्होंने आगे कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हैं। हर शिकायत को दबाया गया, जांच से बचा गया, और भाजपा को खुली छूट दी गई। हरियाणा की जनता आज पूछ रही है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष है या भाजपा का सहयोगी? लोकतंत्र की रक्षा करने वाली संस्थाएं अगर सत्ता के दबाव में झुक जाएँ, तो चुनाव प्रक्रिया मज़ाक बन जाती है। यही हरियाणा में हुआ। यह चुनाव परिणाम सिर्फ भाजपा की नहीं, कांग्रेस की भी जिम्मेदारी है। जहां जनता को विपक्ष की मजबूती चाहिए थी, वहां कांग्रेस ने अपने फैसलों से भाजपा को वॉकओवर दे दिया। गठबंधन होता तो सरकार बदल चुकी होती, और भाजपा का फर्जीवाड़ा बेनकाब हो चुका होता।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव का सवाल नहीं, लोकतंत्र की चोरी और कांग्रेस के अहंकार का मामला है। हरियाणा की जनता इस सच्चाई को जानती है और आज हरियाणा में हर कोई कह रहा है कि कांग्रेस की लापरवाही और अहंकार के कारण हरियाणा में बीजेपी की सरकार बनी है। आम आदमी पार्टी लोकतंत्र की लड़ाई जारी रखेगी और यह सवाल पूछती रहेगी कि जब पूरी चुनाव प्रक्रिया संदिग्ध थी, तब कांग्रेस क्यों चुप रही और गठबंधन से पीछे क्यों हट गई।