Rao Narendra Singh: मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का राज्यव्यापी आंदोलन 5 जनवरी से

हरियाणा कांग्रेस 5 जनवरी से प्रदेश में मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। पिछले कुछ समय में प्रदेश कांग्रेस द्वारा शुरू किया जाने वाला यह दूसरा बड़ा राज्यव्यापी आंदोलन होगा। इससे पहले कांग्रेस वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन कर चुकी है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष Rao Narendra Singh ने बताया कि कांग्रेस के कार्यकाल में आरंभ की गई मनरेगा योजना का नाम बदलकर वीबी-जी रामजी रखने पर हरियाणा कांग्रेस को कड़ी आपत्ति है। कांग्रेस की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में लिए गए फैसले के मुताबिक हरियाणा में पांच जनवरी से इसके विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस जिलाध्यक्षों से कहा गया है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर वास्तविक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से न कटने दें। केंद्रीय चुनाव आयोग के साथ मिलकर भाजपा योजनाबद्ध तरीके से मतदाताओं के नाम सूचियों से हटवाने के षडयंत्र में लगी है।

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष Rao Narendra Singh ने चंडीगढ़ में पार्टी के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। राव नरेंद्र ने कहा कि केंद्र सरकार को गांधी सरनेम से दिक्कत है, इसलिए मनरेगा का नाम बदला गया है। ये कानून गरीबों को कुचलने और उन्हें दबाने के लिए है। मनरेगा सिर्फ योजना नहीं थी, यह अधिकारों का सिद्धांत था।इससे देश के करोड़ों लोगों को न्यूनतम आय मिलती थी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया लोकतांत्रिक अधिकारों को कम करने की सुनियोजित साजिश है। घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करना होगा कि गरीब, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदाय के वोटर्स के नाम वोटर लिस्ट से न हटे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक उसका मूल मंत्र गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना रहा है। वर्तमान में देश और प्रदेश में लोकतंत्र, संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित आघात किए जा रहे हैं, जिन्हें कांग्रेस पार्टी किसी भी हाल में सहन नहीं करेगी। कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक जनता की आवाज बनकर भाजपा सरकार की नाकामियों को बेनकाब करती रहेगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, पूर्व विधायक लहरी सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, सेवादल की प्रधान पूनम चौहान, सुनीता शर्मा, फोम लाल, पूर्व मेयर मनवीर कौर गिल, कांग्रेस नेता सतपाल कौशिक व पवन जैन शामिल हुए।