कॉकरोच जनता पार्टी ने चलाया है स्कूल ठीक करो अभियान
शिक्षा मंत्री बोले, कमियों को उजागर करने के साथ उनके समाधान के लिए भी प्रयास होने चाहिए
सत्य खबर हरियाणा
School Theek Karo Abhiyan : कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के स्कूल ठीक करो अभियान के बाद प्रदेश के कई जिलों में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों ने सभी स्कूल प्रबंधकों को पत्र जारी कर बाहरी व्यक्तियों के स्कूल में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है। पत्र में कहा गया है कि बाहरी व्यक्तियों के स्कूल में प्रवेश से पढ़ाई बाधित होती है।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि स्कूल गांव की महत्वपूर्ण संस्था हैं। केवल राजनीति चमकाने के लिए यहां प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्कूलों में जाने वाले लोगों को सरपंच, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों और गांव के जिम्मेदार लोगों के साथ समन्वय बनाकर जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों में प्रवेश को लेकर पाबंदी नहीं है लेकिन अप्रिय घटना की स्थिति से बचने के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि स्कूलों की कमियों को उजागर करने के साथ उनके समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर भी प्रयास होने चाहिए।
गैबीपुर के सरकारी स्कूल में शिक्षकों की कमी के चलते ग्रामीणों द्वारा शुक्रवार को स्कूल के गेट पर ताला लगाने के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि जहां शिक्षकों की कमी थी वहां अंतरिम व्यवस्था की गई है। न्यायालय ने कहा है कि स्थानांतरण नीति परिपक्व हो चुकी है और शिक्षकों को पूर्व पदस्थापना वाले स्थान पर भेजा जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मांग जल्द पूरी होगी। किसी गैर-कानूनी स्कूल के संचालन की शिकायत लिखित में देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है इसलिए इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 15 अगस्त 2026 से इस देशव्यापी अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण व शहरी सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत, बुनियादी सुविधाओं (पानी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था) और शिक्षकों की कमी का सोशल ऑडिट करना व व्यवस्था सुधारना है।हरियाणा के भिवानी में बैठकें हुईं और हिसार के गैबीपुर प्राथमिक स्कूल में ग्रामीणों के प्रदर्शन व तालाबंदी के बाद स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बढ़ते तनाव और विरोध को देखते हुए हांसी प्रशासन ने बिना अनुमति स्कूलों में प्रवेश न करने देने के आदेश दिए हैं।
भिवानी जिले के सरकारी स्कूल के एक वीडियो ने बच्चों को परोसे जाने वाले मिड डे मील की हैरान करने वाली तस्वीर पेश की है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सांगवान गांव के प्राइमरी स्कूल की वीडियो जारी की। जिसमें राशन में कीड़े-सुरसरी चलते दिख रहे हैं। कमरों की दीवारों में बड़ी दरारें हैं और टॉयलेट बेहद खराब हालात में दिख रहे हैं। टीम के सदस्य लोकेश ने बताया कि हरियाणा के स्कूल ठीक करो अभियान के तहत स्कूलों में जाकर स्थिति देखी जा रही है। 18 अगस्त को इस प्राइमरी स्कूल में पहुंचे थे। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार जिंदल ने वीडियो पर सफाई दी। बोले-ये जो खराब राशन था, ये खाने के लिए नहीं था, बल्कि अलग निकाल रखा था।
महाराष्ट्र में पुलिस ने सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश करने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने और शिक्षकों को धमकाने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी औसा थाने में जिला परिषद उर्दू स्कूल की शिक्षिका (53) सैयद शमशादबानो खैराताली की शिकायत पर दर्ज की गई।
#HaryanaEducation #GovernmentSchools #OutsidersWelcome #SarpanchCoordination #SMC #EducationPolicy #SchoolAccess #CommunityEngagement #HaryanaNews #LocalGovernance #EducationForAll #SchoolManagement #InclusiveEducation #HaryanaUpdates #PublicEducation #EducationMatters #SchoolCommunity #HaryanaGovernment #EducationReform #AccessToEducation