भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद का इंतज़ार खत्म! 🔥 अगले 2-4 दिन में होगा बड़ा ऐलान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद का इंतज़ार खत्म! 🔥 अगले 2-4 दिन में होगा बड़ा ऐलान

Satya khabar,Panchkula
भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। सूत्रों के माने तो आने वाले सोमवार और मंगलवार को प्रदेश को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। फिलहाल भाजपा में मोहनलाल बडोली प्रदेश अध्यक्ष बने हुए हैं लेकिन उनकी ताजपोशी कार्यवाहक है और अब 3 साल के लिए ताजपोशी की जानी है। हालांकि कहा जा रहा है कि मोहनलाल बडोली पूर्ण रूप से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं लेकिन इसके बावजूद भी इस रेस में अभी भी कई नाम हैं। आज देर रात तक पार्टी पर्यवेक्षकों के नाम का ऐलान कर सकती है।
इन संभावनाओं को बल बीती रात पार्टी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली की दिल्ली में पार्टी के नेताओं के साथ चर्चा के बाद मिला है। मोहनलाल बडोली ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। हरियाणा के भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन के लिए कुल 117 वोटर हैं। इनमें सभी 27 जिलाध्यक्षों को मतदान करने का अधिकार प्राप्त है। इसी तरह सभी 90 हलका अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में मतदाता की भूमिका में होंगे। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए इन सभी मतदाताओं को रोहतक या पंचकूला स्थित भाजपा के राज्य कार्यालयों में बुलाया जा सकता है।
क्या है प्रकिया
चूंकि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक की नियुक्ति हो चुकी है। अब पार्टी की ओर से चुनाव का शेड्यूल जारी किया जाएगा। इस शेड्यूल में आवेदन की डेट के साथ ही वोटिंग और रिजल्ट घोषित किए जाने की तारीख का ऐलान किया जाएगा। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अध्यक्ष बनने के इच्छुक नेताओं को आवेदन करने का मौका दिया जाएगा। आवेदन के बाद उसी दिन नामांकन-पत्रों की छंटनी होगी। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दिन अरुण सिंह की अध्यक्षता में बैठक होगी और उसमें प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
कई नाम चर्चा में
मोहन लाल बड़ौली के अलावा चार-पांच दूसरे नेताओं के नाम भी चर्चा में है। इनमें संजय भाटिया पार्टी के बड़े पंजाबी चेहरे हैं। इनकी दावेदारी की बड़ी वजह यह है कि ये करनाल से सांसद थे, लेकिन 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान इनकी टिकट काटकर मनोहर लाल खट्टर को टिकट दी गई थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव में इन्हें टिकट नहीं दी गई। इसको देखते हुए पार्टी इन्हें संगठन में एडजस्ट कर सकती है। दूसरा नाम असीम गोयल है। नायब सैनी की पहली टर्म की सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं। हालांकि इसके बाद चुनाव हार गए। अब प्रदेश अध्यक्ष के लिए दावेदार हैं। इसकी वजह है कि ये सीएम नायब सैनी के काफी करीबी हैं। इनके अलावा सुदेश कटारिया पार्टी के बड़े दलित चेहरे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के करीबी हैं। पिछले एक साल से प्रदेश में संविधान बचाओ यात्रा निकाल रहे हैं। एक नाम अजय गौड़ का भी चर्चा में है। फरीदाबाद में एक केंद्रीय मंत्री की पैरवी से पार्टी में एंट्री हुई। 2014 में पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के संपर्क में आए। तब से उनकी गुड लिस्ट में शामिल हैं।