जंतर मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज और राहुल गांधी को हिरासत में लेने के मामले में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
सत्य खबर हरियाणा
Damage control by BJP : दिल्ली में जंतर मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लेने पर प्रदेश भर में कांग्रेस के प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए भाजपा भी डैमेज कंट्रोल करने के लिए सड़क पर उतरी। भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय के सामने धरना देकर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इसके बाद तनाव के माहौल के बीच पुलिस को बीच में आना पड़ा। भाजपा के प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया। उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के बहाने राजनीति करने पर उतारू है। देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है। राहुल गांधी जन्मदिन के बहाने पीएम आवास तक पहुंचे और उनकी सुरक्षा का भी ख्याल न रखते हुए वहां पर प्रदर्शन किया। जंतर मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज पर सवाल पूछने पर डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने कहा कि वहां पर छात्र नहीं बल्कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता थे, जो माहौल को खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी हर मामले में बात करने के लिए तैयार थी लेकिन कांग्रेस राजनीति करने पर उतारू है।
रोहतक में पूरे दिन राजनीतिक हलचल और विरोध-प्रदर्शनों का दौर देखने को मिला। शहर की सड़कों पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर किसान, कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता उतर आए। सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हुए भाजपा के धरने की रही, जहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में कई पेपर लीक हुए, लेकिन उस समय दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि भाजपा सरकार में पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई है और दोषियों को कानून के दायरे में लाया गया है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर शांतिप्रिय प्रदर्शन करना देश के प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का अधिकार है। तमाम विद्यार्थियों और विपक्ष की मांग पूरी तरह जायज है। आज सारा देश शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है, बावजूद इसके केंद्र की भाजपा सरकार जिद पर अड़ी हुई है. उनका इस्तीफा मांगने की बजाय वह विपक्ष और जनता की आवाज को कुचलने की कोशिश कर रही है। हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा को भी पेपर लीक का गढ़ बना दिया है। पिछले लगभग 12 साल से जिम्मेदार विपक्ष होने के नाते कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। सरकार ने इसकी जांच का ढकोसला तो किया, लेकिन न तो कभी जांच रिपोर्ट सामने आई और न ही दोषियों पर कार्रवाई हुई। यानी चाहे हरियाणा हो या केंद्र, दोनों जगह सरकार पेपर लीक को संरक्षण दे रही हैं। ऐसे में सरकार की जवाबदेही तय होनी जरूरी है।
भाजपा द्वारा कांग्रेस के मुख्यालयों पर प्रदर्शन को लेकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। भाजपा की स्थिति अब खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली हो चुकी है। उसे पेपर लीक पर जवाब देना है, लेकिन वह विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। यह विशुद्ध रूप से राजनीतिक नाटक है।
#HaryanaPolitics #RohtakNews #BJPProtests #CongressCounter #PoliticalRally #StreetProtests #HaryanaBJP #RohtakUpdates #PoliticalActivism #BJPvsCongress #HaryanaElections #ProtestMarch #PoliticalEngagement #DemocracyInAction #HaryanaNews #RohtakPolitics #BJPLeadership #CongressProtests #CivicParticipation #PoliticalDebate