मुख्यमंत्री ने किया बाबैन अनाज मंडी का निरीक्षण, किसानों की सुनी समस्याएं
मुख्यमंत्री बोले, किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार

सत्य खबर हरियाणा
CM Nayab Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों को आश्वासन दिया है कि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने का काम करेगी। मुख्यमंत्री आज कुरुक्षेत्र जिले की बाबैन अनाज मंडी में पहुंचे और यहां उन्होंने खरीद का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधी बातचीत की और उनसे उनकी समस्याएं भी पूछी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों में किसानों को मंडियों में रातें गुजारनी पड़ती थीं और भुगतान के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब सीधे खातों में पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार को बाबैन अनाज मंडी पहुंचे और गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में पहुंची गेहूं की फसल की गुणवत्ता और नमी की स्वयं जांच की तथा अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी में मौजूद किसानों और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बार गेहूं की आवक अच्छी हो रही है और सरकार द्वारा की जा रही खरीद प्रक्रिया से उन्हें राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों की फसल समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ खरीदी जाए।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गेहूं की खरीद में तेजी लाई जाए और भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है और उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी में सफाई व्यवस्था, उठान व्यवस्था और किसानों के लिए बनाए गए इंतजामों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मंडी में पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हित में लगातार कार्य कर रही है और मंडियों में पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, मंडी बोर्ड के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी भी मौजूद रहे।
प्रदेश के कई हिस्सों में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि सिरसा, हिसार और फतेहाबाद के किसानों के लिए ‘ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल’ खोल दिया गया है, जबकि कुरुक्षेत्र के लिए इसे जल्द ही एक्टिव कर दिया जाएगा। अब किसान अपनी फसल के नुकसान का ब्योरा पोर्टल पर दे सकेंगे, जिससे मुआवजे की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
मंडियों की स्थिति पर बात करते हुए सीएम ने बताया कि अब तक 17.37 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है और किसानों को फसल का भुगतान सीधे उनके खातों में किया जा रहा है।
#Haryana #ChiefMinister #BabainGrainMarket #FarmersIssues #FarmersProblems #Agriculture #HaryanaFarmers #ServiceToFarmers #SupportFarmers #CommunityEngagement #AgriculturalNews #FarmerVoices #RuralDevelopment #LocalMarket #GrainMarket #FarmersRights #CropProduction #GovernmentIntervention #SustainableFarming #HaryanaUpdates