कांग्रेस ने किए 60 वायदे, भाजपा का संकल्प पत्र कल
कांग्रेस ने कहा, भ्रष्टाचार का अड्डा बन गए हैं नगर निगम, कांग्रेस भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाएगी

सत्य खबर हरियाणा
Local Body Election : निकाय चुनाव में भाजपा के सामने ताल ठोक रही कांग्रेस ने रविवार को घोषणा पत्र जारी किया। चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संयुक्त रूप से जनता से वादों का पत्र जारी किया। पार्टी ने पीपीपी, एनडीसी, सफाई, पानी, सड़क, सुरक्षा, कचरा प्रबंधन, पारदर्शिता, पार्किंग, महिला सुविधाएं, स्ट्रीट वेंडिंग, गांवों विकास और डिजिटल सेवाओं से जुड़े 60 वादे किए हैं। भाजपा विधानसभा के विशेष सत्र के बाद मंगलवार को घोषणा पत्र जारी कर सकती है।

हर बार कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा से लेकर चुनाव घोषणा पत्र तक दूसरे दलों के मुकाबले देरी से जारी होते रहे हैं लेकिन इस बार कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा की पहले की थी और अब चुनाव घोषणा पत्र भी उसने सबसे पहले जारी कर दिया है। चुनाव घोषणा पत्र जारी किए जाने के समय घोषणापत्र कमेटी की अध्यक्ष विधायक गीता भुक्कल, बीबी बतरा, आफताब अहमद, पंचकूला मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज और अंबाला मेयर प्रत्याशी कुलविंदर कौर सैनी समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
भाजपा काबिज, तस्वीर नहीं बदली
मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरपर्सन गीता भुक्कल ने घोषणा पत्र के सभी वादों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निकाय चुनाव-2026 के कांग्रेस का ये घोषणा पत्र स्थानीय मुद्दों, समस्याओं व उनके समाधान पर आधारित है। 11 साल से भाजपा की सरकार के शासन में हरियाणा में वे मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाईं, जिनके वायदे करके भाजपा सत्ता में आई थी। नगर निकायों पर भी भाजपा काबिज रही, लेकिन उसने तस्वीर बदलने की बजाय, इसे भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। कांग्रेस पार्टी अपने घोषणा पत्र के माध्यम से हरियाणा की जनता से ये वायदा करती है कि हरियाणा के शहरों में बेहतर सुविधाएं देकर शहरों की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया जाएगा। हर समस्या का तय समय में समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। शहरों को ‘ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी’ यानी प्रदूषण मुक्त शहर बनाने का वायदा किया गया है।
सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाया जाएगा
ग्रीन बेल्ट व पार्कों का सौंदर्यीकरण करके लाइटों का प्रबंध किया जाएगा। शहर के सभी चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा व सड़कों को गड्ढा मुक्त करके बेहतर बनाया जाएगा। नगर निगम एवं नगर परिषद को “भ्रष्टाचार युक्त” से “भ्रष्टाचार मुक्त” बनाने का संकल्प है। जनता को अपराध से मुक्ति दिलवाने के लिए शहर, मण्डी, सभी मार्केट, चौराहे, पार्कों, बस अड्डों व रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे जहां यह सुविधा पहले से उपलब्ध है वहां उसे और बेहतर बनाया जाएगा। शहरों को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने की योजना का वायदा भी किया गया है। शहरों को गंदगी मुक्त करके स्वच्छता की स्थायी सौगात दी जाएगी। कचरा डंपिंग ग्राउंड की समस्या को स्थायी रुप से खत्म किया जाएगा एवं रिहाइशी इलाकों से दूर कचरा प्रसंस्करण इकाइयां लगाई जाएंगी। हर घर से कूड़ा लेने की प्रक्रिया को दुरुस्त किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कचरा उठाने का समय निर्धारित किया जाएगा व देरी होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सफाई कर्मचारियों की भर्ती होगी
सफाई कर्मचारियों के रिक्त पड़े पदों की तुरंत प्रभाव से भर्ती की जाएगी। सफाई कर्मचारियों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। ठोस कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था की जाएगी। शहर में होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान किया जाएगा। जल निकासी के लिए पुराने नालों को साफ व पक्का किया जाएगा। पुराने पाइपलाइन सिस्टम का पूरी तरह नवीनीकरण किया जाएगा। हर कॉलोनी में पेयजल, सीवरेज व जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त होगी व इसके अतिरिक्त शहर के सभी इलाकों में वर्षा के पानी की निकासी का स्थायी समाधान किया जाएगा। शहर में जगह-जगह पीने हेतु स्वच्छ पानी के लिए वाटर कूलर आर.ओ. लगाए जाएंगे। टूटी हुई सभी सड़कों की आवश्यकता अनुसार मरम्मत करवाई जाएंगी व नई सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। शहर की सभी गलियों को पक्का किया जाएगा और पहले से पक्की गलियों की जरुरत अनुसार मरम्मत भी करवाई जाएगी।
महिला शौचालय की संख्या बढ़ाई जाएगी
कांग्रेस के घोषणापत्र के मुताबिक सार्वजनिक शौचालयों विशेषतौर पर महिला शौचालय की संख्या बढ़ाई जाएगी व इनकी देखरेख प्रक्रिया को बेहतर किया जाएगा। फॉगिंग और मच्छर नियंत्रण का साप्ताहिक कार्यक्रम बनाया जाएगा। बुजुर्गों के लिए हेल्थ कैंप और सुविधा केन्द्र बनाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने व जाम से निजात पाने के लिए लोकल ट्रैफिक प्लान बनाया जाएगा। शहरों में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। जहां मल्टीलेवल पार्किंग तैयार हैं, उन्हें जल्द से जल्द शुरु किया जाएगा। शहरों के हर बाजार व गली मोहल्लों में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था को बेहतर व दुरुस्त किया जाएगा।
आपका पार्षद आपके द्वार
शहरी क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं का आतंक चितांजनक रुप धारण कर चुका है, विशेष तौर पर गाय माता, नन्दी, आवारा कुत्तों और बन्दर। इनके लिए आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। इनसे हो रहे जान-माल की सुरक्षा करने के प्रयास किए जाएंगे। बंदरों के आतंक से छुटकारा दिलाया जाएगा। ऐसे समाधान ढूंढे जाएंगे जो मनुष्यों की रक्षा करेंगे और जानवरों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण के अनुरुप होंगे। पशु डेयरी (दुग्धशाला) को सही जगह स्थापित किया जाएगा। नगर निगम कार्यालय में सभी तरह के कार्यों के लिए विंडो सिस्टम को बेहतर व कारगर बनाया जाएगा। आपका पार्षद आपके द्वार कार्यक्रम चलाया जाएगा। हर वार्ड में जनसमस्याएं सुनकर समाधान किया जाएगा। गलत प्रॉपर्टी आईडी को तुरंत ठीक किया जाएगा व सम्पति कर का सरलीकरण किया जाएगा। प्रॉपर्टी एनडीसी के लिए नगर निगम में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे और 3 दिन की समय सीमा में एनडीसी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। टेंडर और काम में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।
PPP की प्रक्रिया सरल होगी
परिवार पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल किया जाएगा। सब तरह की शिकायतों के लिए एक प्लेटफार्म बनाया जाएगा, जहां से संबंधित विभागों को शिकायतें समाधान के लिए भेजी जाएंगी। अनियमित कॉलोनियों को नियमित करने की पॉलिसी बनाई जाएगी। निर्माण कार्यों के दौरान अनापत्ति प्रमाण पत्र को लेकर विभागों में तालमेल से काम किया जाएगा। सभी मौजूदा स्ट्रीट वेंडरों को समायोजित करने के लिए स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाए जाएगें। महिलाओं, युवाओं के लिए पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। जमीन की उपलब्धता के अनुसार पार्कों का निर्माण किया जाएगा। सभी वार्डों में पुस्तकालय/वाचनालय स्थापित करने के लिए बजट निर्धारित किया जाएगा।
दशहरा, छठ पूजा एवं अन्य सामाजिक / सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मैदान एवं स्थल उपलब्ध करवाए जाएँगे. धोबी घाटों की व्यवस्था करके इस काम से जुड़े लोगों को सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। शहरों में नए रैन-बसेरे बनाए जाएंगे व पुराने रैन-बसेरों का सौंदर्यीकरण करके उचित सुविधा दी जाएगी। नगर निगम व नगर परिषद में जोड़े गए गांवों में बिजली, पानी, गलियां, नालियां, गांव की फिरनी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतरीन बनाया जाएगा।
कांग्रेस का वादा, काम होगा ज्यादा
गीता भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस का वादा, काम होगा ज्यादा। हर घर में होगा विश्वास, हर वार्ड में होगा विकास। भ्रष्टाचार मिटाएंगे, पारदर्शिता लाएंगे।
जब से बीजेपी आई है तब से शहरों की हालत खराब
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बहुत अच्छा घोषणा पत्र बनाया है। लोगों से पूछकर इसे बनाया गया है। जब से बीजेपी आई है तब से शहरों की हालत खराब ही है। शहरों में पानी की सप्लाई , सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाएं और कानून व्यवस्था खराब है। चुनाव सभी राजनीतिक दलों के लिए लिटमस टेस्ट होता है। निगमों में भ्रष्टाचार फैला है फरीदाबाद हो या अन्य नगर निगम इसलिए शहरों के बुरे हाल हैं।
नगर निगम आज नरक निगम
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे साथियों ने बहुत कम वक्त में जनता से बात करके शानदार घोषणा पत्र बनाया। इसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। सभी शहरी निकायों की दस मई को वोटिंग है, हमने अस्सी प्रतिशत टिकट महिलाओं को दी है। पांच प्रमुख पदों में चार महिलाएं है। हमने अच्छे साफ सुथरी छवि के उम्मीदवार दिए हैं। नगर निगम आज नरक निगम बन गए हैं, क्योंकि इन सब में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। हम शहर में लोगों को अच्छी सुविधाएं देंगे। आज के दौर में लोगों को जो सुविधाएं चाहिए वे हम देंगे। उम्मीद है कि बीजेपी के ग्यारह साल के भ्रष्टाचार के बाद अब जनता हमारा यानी कांग्रेस का साथ देगी।