कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम किया शुरू, रखा उपवास
प्रदेश भर में जिला स्तर पर कांग्रेस उतरी सड़क पर

SatyaKhabar, Jind/Sirsa/Sonipat
Congress News : कांग्रेस ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर मनरेगा को लेकर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा का नाम बदलने की आड़ में जनकल्याणकारी योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश रच रही है। आज कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में मनरेगा बचाओ संग्राम में उपवास का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा के नाम पर गुमराह कर रही है। मनरेगा का नाम बदलकर जनता को भ्रमित करने का काम किया जा रहा है। यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति है, जिसके तहत मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि महात्मा गांधी का नाम किसी भी योजना से हटाना न केवल गलत है, बल्कि देश की आत्मा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी बड़े राम भक्त थे और उन्होंने अंतिम सांस लेते समय भी हे राम कहा था। ऐसे में उनसे बड़ा राम भक्त और कौन हो सकता है। सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि हरियाणा में करीब आठ लाख पंजीकृत मजदूर हैं, लेकिन सरकार केवल 2100 मजदूरों को ही काम दे पाई है। उन्होंने भाजपा सरकार पर 15 लाख रुपये देने के वादे को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतने साल बीत जाने के बावजूद वह वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।

सांसद सैलजा ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार ने मनरेगा की मूल भावना को कमजोर कर दिया है। पंचायतों और राज्यों के अधिकार छीने जा रहे हैं और अब राज्यों पर 40 प्रतिशत हिस्सेदारी डालकर इस योजना को निष्प्रभावी बनाया जा रहा है, जबकि गांवों में पूरे वर्ष रोजगार के अवसर पहले से ही सीमित हैं। इससे साफ है कि भाजपा सरकार की नीतियाँ अमीरों के पक्ष में हैं और गरीबों की आजीविका व सम्मान के प्रति गंभीर नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता से संघर्ष करती रहेगी।

जींद जिला कांग्रेस प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने आरोप लगाया कि पहले मनरेगा के तहत केंद्र सरकार 90 फीसदी खर्च वहन करती थी, लेकिन अब हरियाणा सरकार को 40 फीसदी हिस्सेदारी देनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले से ही भारी कर्ज में डूबा हुआ है, ऐसे में सरकार यह अतिरिक्त बोझ कैसे उठाएगी, यह बड़ा सवाल है। ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि वह स्वयं मनरेगा और मजदूरों के अधिकारों के लिए होने वाले किसी भी आंदोलन में भाग लेने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस हमेशा जरूरतमंद, मजदूर और किसान के हितों की रक्षा करती रही है और आगे भी भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों और वंचित वर्गों के साथ मजबूती से खड़ी रही है। यूपीए सरकार के समय डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में मनरेगा को कानून बनाकर ग्रामीण गरीबों को 100 दिनों के रोजगार का अधिकार दिया गया था और इसका पूरा वित्तीय भार केंद्र सरकार उठाती थी।
#Congress #MNREGA #SaveMNREGA #FastForChange #SocialJustice #FightForRights #Activism #PoliticalEngagement #IndianPolitics #Empowerment #RuralDevelopment #GovernmentAccountability #PeoplesRights #SocialWelfare #EconomicJustice #CommunitySupport #IncredibleIndia #ForAGoodCause #StandTogether