Mathura Major accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर कहर, शौच के लिए उतरे यात्रियों को ट्रक ने रौंदा

Mathura Major accident: उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। सुबह करीब 2.45 बजे हुए इस हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे शौच के लिए गए थे। तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने पीछे से आकर पहले बस को टक्कर मारी और फिर सड़क पर खड़े यात्रियों को रौंद दिया। घटना मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 88 के पास हुई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
शौच के लिए रुकी बस, ड्राइवर की लापरवाही बनी हादसे की वजह
पुलिस के मुताबिक यह बस दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने ड्राइवर से शौच के लिए बस रोकने को कहा। लेकिन ड्राइवर ने निर्धारित ग्रीन जोन या सुरक्षित स्थान पर बस रोकने के बजाय एक्सप्रेसवे के किनारे ही बस खड़ी कर दी। बस रुकते ही कई यात्री नीचे उतर गए और सड़क किनारे चले गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक कंटेनर ट्रक तेज रफ्तार में बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े यात्रियों को कुचलता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मृतकों की पहचान, एक यात्री गंभीर रूप से घायल
हादसे में जिन छह लोगों की मौत हुई उनमें औरैया जिले के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवाल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी असलम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य मृतकों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। वहीं औरैया के बेला निवासी अमर दुबे इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोहरा नहीं था फिर भी हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त इलाके में कोहरा नहीं था और दृश्यता सामान्य थी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बस ड्राइवर की लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ देर तक यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा लेकिन पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात बहाल कराया। पुलिस कंटेनर ट्रक चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन रुकवाएं ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।