ताजा समाचार
Punjab News: पंजाब के लुधियाना में किन्नरों के विवाद ने जन्म दिया दर्दनाक हादसे को


Punjab News: पंजाब के लुधियाना में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां किन्नरों के दो समूहों के बीच बधाई के लिए पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद इतनी हिंसक हो गया कि महंतों के डेरे में खाना बनाने वाले 21 वर्षीय रसोईए मनप्रीत सिंह को अगवा कर लिया गया और उसके प्राइवेट पार्ट्स को बेरहमी से काट दिया गया। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रबीना महंत और उसके नौ चेलों के खिलाफ हत्या की कोशिश और साजिश जैसे गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मनप्रीत ने बताया कि वह खानपुर गांव में महंतों के साथ एक शादी समारोह में बधाई लेने गया था, जहां विवाद शुरू हुआ। रबीना महंत के समूह ने दावा किया कि यह इलाका उनका है और वहीं से झगड़ा तेज होकर हिंसा में तब्दील हो गया। 24 जनवरी को सुबह मनप्रीत नाश्ता बनाने के बाद रोजाना की तरह सैर के लिए निकला था। अस्पताल के पास पहुंचते ही आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर एक कार में अगवा कर लिया। दो दिन तक उसे बंधक बनाकर रखा गया और फिर 26 जनवरी की रात को तेजधार हथियार से उसके गुप्त अंगों को काट दिया गया। गंभीर रूप से घायल मनप्रीत को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर कर दिया गया।

इस मामले में पुलिस ने विद्यार्थी राव के बयान के आधार पर धारा 118(1), 118(2), और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मुख्य आरोपी रबीना महंत के अलावा सुहाना, मोना, सिम्मी, कनिका, रहमत, शिव कुमार, दिलावर, हिफाजत और पूजा नाम के नौ अन्य आरोपी भी लुधियाना के निवासी हैं। पुलिस थाना डिवीजन नंबर 3 के जांच अधिकारी अमरजीत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।
पुलिस टीमें पूरे इलाके में आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। आरोप है कि यह मामला पहले से चले आ रहे इलाके के नियंत्रण को लेकर विवाद से जुड़ा हुआ है, जो पैसे को लेकर बड़ा विवाद बन गया। पीड़ित की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, इसलिए पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे लाया जा सके। इस घटना ने न केवल इलाके के लोगों को बल्कि पूरे राज्य को झकझोर दिया है और इस तरह की अमानवीय हरकतों को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।