Ayushman Arogya Mandir: दिल्ली में 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन, अब घर के पास मिलेगा मुफ्त इलाज

Ayushman Arogya Mandir: दिल्ली सरकार ने राजधानी में आम लोगों को बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। 14 जनवरी से दिल्ली में 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू कर दिए गए हैं। इन नए केंद्रों के खुलने से खासतौर पर गरीब, मध्यम वर्ग और झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों को अपने घर के नजदीक ही इलाज की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली के नांगल राया इलाके में एक नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि दिल्ली के हर नागरिक को मुफ्त और समय पर इलाज मिल सके। वहीं, दिल्ली सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्री और विधायक भी अपने-अपने क्षेत्र में आरोग्य मंदिरों के उद्घाटन में शामिल हुए। दिलचस्प बात यह है कि सभी 81 केंद्रों का उद्घाटन एक साथ रिमोट के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सुविधाएं और लोगों का भरोसा
एबीपी न्यूज की टीम ने नांगल राया स्थित नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का दौरा किया, जहां साफ-सुथरी व्यवस्था, डॉक्टरों की उपस्थिति और जरूरी दवाओं की उपलब्धता देखकर स्थानीय लोग खुश नजर आए। यहां छोटे-मोटे रोगों जैसे बुखार, खांसी, सर्दी, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि का इलाज आसानी से हो सकेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें छोटी बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, जो उनके लिए बहुत राहत की बात है। यह आरोग्य मंदिर लोगों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का आसान और भरोसेमंद विकल्प साबित होंगे।

दिल्ली में कुल आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की संख्या 319 हुई
दिल्ली में पहले से ही 238 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे थे। अब 81 नए केंद्रों के जुड़ने से राजधानी में इन केंद्रों की कुल संख्या 319 हो गई है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में 1100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर पूरे शहर में स्थापित किए जाएं ताकि हर इलाके में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इससे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि सरकारी अस्पतालों पर भी मरीजों का दबाव कम होगा।
मुफ्त इलाज और मजबूत स्वास्थ्य ढांचा
दिल्ली सरकार के अनुसार, इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मरीजों को मुफ्त इलाज, जरूरी दवाइयां और डायग्नोस्टिक जांच जैसे ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, ब्लड प्रेशर जांच आदि की सुविधाएं दी जाएंगी। विशेष तौर पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य का खास ख्याल रखा जाएगा। समय-समय पर सीनियर और सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर भी इन केंद्रों पर जाकर मरीजों का इलाज करेंगे। आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली सरकार की आयुष्मान भारत योजना का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करना है। इन केंद्रों के विस्तार से न केवल अस्पतालों पर भार कम होगा, बल्कि आम जनता को भी समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिलेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देगी और सभी वर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुलभ बनाएगी।