जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी, फोन और व्हाट्सएप से फैली सनसनी

भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल कर धमकी दी गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तुरंत शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि धमकी में आधुनिक हथियारों का जिक्र भी किया गया, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज में दी गई खौफनाक धमकी
शिकायत में बताया गया है कि 18 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने सीधे मंत्री को जान से मारने की धमकी दी और MP5 जैसे हथियार का जिक्र किया। इसके अलावा आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए मंत्री का सरकारी टूर प्रोग्राम भेजा, जिस पर “गोली मार दो” जैसी आपत्तिजनक बातें लिखी थीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने लोकेशन और वॉयस मैसेज भी भेजे, जिनमें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। जब नंबर पर दोबारा संपर्क किया गया, तो आरोपी ने कहा कि उसे यह जानकारी “ऊपर से” मिली है, जिससे मामला और रहस्यमय बन गया है।

आवास की रेकी का शक, संदिग्ध गाड़ी ने बढ़ाई चिंता
मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। शिकायत के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति मंत्री के आवास के पिछले गेट की निगरानी करता देखा गया। वह इस बात पर नजर रख रहा था कि गेट कब खुलता है और कौन अंदर-बाहर आ रहा है। इसके अलावा तीन दिन पहले एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार, जिसके शीशे काले थे, देर तक आवास के पास खड़ी रही। उसमें बैठे लोग लगातार कोठी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी
घटना के तुरंत बाद तुगलक रोड थाने को सूचित किया गया और सभी सबूत पुलिस को सौंप दिए गए। पुलिस अब कॉल डिटेल, व्हाट्सएप मैसेज और लोकेशन की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि 47 वर्षीय जयंत चौधरी केंद्र सरकार में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।