बिहार की मछली राहुल गांधी नहीं पकड़ पाएंगे”—CM रेखा गुप्ता का RJD और कांग्रेस पर करारा वार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बिहार में चुनावी माहौल के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब समझ चुकी है कि राज्य का असली विकास केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए के नेतृत्व में ही संभव है। रेखा गुप्ता ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दोनों पार्टियों ने वर्षों तक बिहार को लूटा और जनता को गुमराह किया।
‘अब महिलाएं और जनता दोनों जागरूक हैं’
पत्रकारों से बात करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि बिहार की महिलाएं और आम जनता अब पूरी तरह जागरूक हैं। उन्होंने कहा, “अब लोग जान गए हैं कि बिहार का विकास केवल एनडीए के शासन में ही हो सकता है। पंजा और लालटेन वाली पार्टियों ने हमेशा बिहार को लूटा और लोगों को परेशान किया। इसलिए अब बिहार की जनता उनके झूठे वादों में नहीं फंसने वाली।” उनके इस बयान से एनडीए के चुनाव प्रचार को नई ऊर्जा मिलती दिख रही है।

राहुल गांधी पर तंज, ‘बिहार की मछली नहीं पकड़ पाओगे’
पटना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लोग जो खेतों में मोजे पहनकर जाते थे, अब तालाब में मछली पकड़ने कूद रहे हैं। लेकिन राहुल जी, यह बिहार की मछली है, आप इसे नहीं पकड़ पाएंगे। बिहार का हर शख्स अब आपकी चालें समझ चुका है।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद लोग तालियों की गूंज से स्वागत करते नजर आए।
खुद अमीर बने, जनता को गरीब छोड़ दिया’
रेखा गुप्ता ने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने बिहार पर वर्षों तक राज किया, लेकिन जनता के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, “कभी कांग्रेस तो कभी आरजेडी सत्ता में रही। इन नेताओं ने खुद की संपत्ति बढ़ाई और जनता को गरीबी में छोड़ दिया। बिहार को असली प्रगति तब मिली जब नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम हुआ।”
तीन दिनों तक करेंगी बिहार में प्रचार, होगा रोड शो और जनसभा
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार रेखा गुप्ता अगले तीन दिनों तक बिहार में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगी। इस दौरान उनके साथ बीजेपी और सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेता भी रहेंगे। वह कई जनसभाओं को संबोधित करेंगी और रोड शो में भाग लेंगी। बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।