Weather Update: देशभर में बारिश का अलर्ट जारी, चक्रवाती तूफान के कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना

Weather Update: पिछले 24 घंटों में देश के कई राज्यों में बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, विदर्भ, अंडमान-निकोबार और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएँ भी चल सकती हैं, जिनकी गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
बारिश का अलर्ट 30 अक्टूबर तक
मौसम विभाग ने बताया कि 28 से 30 अक्टूबर के बीच गंगा क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 और 30 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। देश के इन हिस्सों में चक्रवाती तूफ़ान के कारण भारी बारिश होने की आशंका है।

बंगाल में चक्रवाती तूफान का असर
पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र से पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ने वाले सिस्टम के 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसका प्रभाव ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में सोमवार से तीन दिनों तक भारी बारिश ला सकता है। मौसम विभाग ने 21 जिलों में शनिवार और रविवार को हल्की से मध्यम बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
तमिलनाडु में हल्की बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुदुचेरी और करैकल में 28 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई है। कड्डलोर, पुदुचेरी, विलुपुरम और चेन्गलपट्टु जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई और आसपास के जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तर भारत में बढ़ सकती है सर्दी
उत्तर भारत में सुबह और शाम के तापमान में हल्का ठंडक महसूस हो रही है। अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ सकती है। नागरिकों को मौसम के अनुसार तैयार रहने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।