सत्य खबर, हिसार।
जननायक जनता पार्टी (जजपा) की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आज हिसार स्थित फ्लेमिंगो टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में शुरू हो गई है। दोपहर करीब पौने एक बजे जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पहुंचे। मीटिंग में डॉ अजय सिंह चौटाला को फिर से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का सर्वसम्मति से फैसला लिया गया।
बैठक में संगठन मजबूती, संगठन के विस्तार, लोकसभा वाइज रैलियां, 25 सितंबर को चौ. देवीलाल जयंती पर सीकर में प्रस्तावित रैली जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की जाएगी। जेजेपी प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह ने बताया कि बैठक में जेजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी व प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, मंत्री, विधायक, चेयरमैन, सभी जिला अध्यक्ष, सभी हलका प्रधान, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, सभी युवा हलका अध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला करेंगे। बैठक में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला सहित कई वरिष्ठ नेता पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।