गुरुग्राम में मिट्टी में दबने से 7 श्रमिकों की मौत
सोसाइटी के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में हादसा

सत्य खबर हरियाणा
Accident : गुरुग्राम के सिदरावली गांव में सोमवार रात ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की दीवार की मिट्टी गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई। 3 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों और घायलों को राजस्थान के भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस और SDRF मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने मजदूरों को मिट्टी और मलबे से निकालने के लिए घंटों तक ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर रात बचाव कार्य शुरू कराया।
घटना के बाद बिल्डर ने सोसाइटी के मेन गेट पर बाउंसर खड़े कर दिए, किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया।
सिदरावली गांव के सरपंच का कहना है कि एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) के लिए 30 से 40 फीट नीचे बेसमेंट बनाया जा रहा था। नीचे सरिया लगाकर एक 5 फीट की दीवार की गई थी। इस दीवार के गिरने से ही हादसा हुआ।
STP का काम चल रहा था
जानकारी के मुताबिक, ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का काम चल रहा था। रात 8 बजे अचानक बेसमेंट में मिट्टी की दीवार गिर गई। इसमें 10 मजदूर दब गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद दूसरे मजदूरों ने राहत बचाव का कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। इसके बाद मिट्टी और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

घायलों को भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल ले गए
एम्बुलेंस की मदद से उन्हें राजस्थान के भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने इंद्रजी सादा (32), भागीरथ गोपी, छोटेलाल सादा (37), शिव शंकर (31), शिवकांत चौधरी (47) और मंगतराम (32), सतीश समेत 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक मजदूरों के पहचान पत्रों पर मानेसर का पता है। वे हेल्पर, फिटर और ऑपरेटर जैसे विभिन्न पदों पर कार्यरत थे।
जिला अस्पताल भिवाड़ी के प्रभारी डॉ. सागर अरोड़ा ने बताया कि घायल श्रमिकों को अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में जांच करने पर सात श्रमिक मृत पाए गए।
सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एसीपी पटौदी योगेश कुमार का कहना है कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी बोले, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बिलासपुर थाना के प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही राहत-बचाव कर रही टीमें मिट्टी में और मजदूरों की भी तलाश कर रही हैं। हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।