लूट के इरादे से मकान में घुसे लुटेरे, बुजुर्ग दंपत्ति को बांधकर की हत्या
सुबह जब पोता घर आया तब वह खुलासा, पुलिस कर रही मामले की जांच

Satyakhabar, Karnal
करनाल जिले में बीती देर रात एक बुजुर्ग दंपति की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। बुजुर्ग दंपति के शव मकान के अंदर ही मिले हैं। उनके हाथ पैर बंधे हुए थे और मुंह पर टेप लगी हुई थी। प्रारंभिक तौर पर यह मामला लूट का नजर आता है। पुलिस ने बुजुर्ग दंपति की हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में असंध पुलिस, सीआईए, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीमें जांच में लगी हैं। डीएसपी गोरखपाल राणा ने मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

असंध में बीडीपीओ कार्यालय वाली गली में एक मकान के अंदर बुजुर्ग दंपती के हाथ-पांव बंधे हुए शव मिले हैं। दोनों पति-पत्नी एक साथ मकान में रहते थे। वहीं, पास में छोटे बेटे का मकान था। सुबह जब पोते ने आकर देखा तो दोनों मृत मिले। इसकी सूचना पुलिस को दी। असंध थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम को सूचना दी। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्राथमिक जांच में मामला लूटपाट के बाद हत्या करने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है। मृतकों की पहचान 80 वर्षीय हरिसिंह नंबरदार और 75 वर्षीय लीला के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हरिसिंह नंबरदार थे। घटना की जानकारी मिलने पर उनके पोते ने मौके पर पहुंचकर देखा तो दोनों कमरे के अंदर मृत पड़े थे और हाथ-पांव बंधे हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सामान बिखरा देख डर गया पोता
रोहित ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे मौके पर पहुंचा। देखा तो बाहर मुख्य गेट का कुंडा बंद था। खोलकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। कमरे की बाहर से कुंडी लगी हुई थी। वह खुद घबराकर बाहर आया और पास के मकान से अपने चाचा को बुलाकर लाया। दोनों अंदर गए तो देखा कि हरिसिंह और लीला के हाथ-पांव बंधे हुए थे और दोनों के शरीर अकड़े हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज
वारदात की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर शवगृह में भेज दिया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। वहीं, असंध सीआईए और असंध थाना की टीम मामले में जांच कर रही है। असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि बुजुर्ग दंपति की मौत की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।