रेवाड़ी की हाईटेक जिला जेल से दो बंदी फरार, घंटों बाद पता चला जेल प्रशासन को
दोनों बंदी यूपी के रहने वाले, साइबर ठगी के मामले में थे बंद

सत्य खबर हरियाणा
Jail Break : हरियाणा की रेवाड़ी जिले की हाईटेक जेल से दो बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा शनिवार देर शाम उस समय हुआ, जब जेल में नियमित गिनती के दौरान दो बंदी कम पाए गए। इसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों ऑनलाइन ठगी के मामले में आरोपी हैं और यूपी के रहने वाले हैं। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने जेल कर्मी की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जेल कर्मी मुस्ताक अहमद ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 मार्च को उनके पास जेल का कार्यभार था। शाम के समय जब बंदियों की गिनती की गई तो दो बंदी गायब मिले। जांच करने पर उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुरा निवासी 22 वर्षीय फैजान और इटावा निवासी 21 वर्षीय जाहिद के रूप में हुई। शिकायत के अनुसार दोनों बंदियों को दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल परिसर में देखा गया था, लेकिन इसके बाद वे किसी को दिखाई नहीं दिए।
जेल कर्मी मुस्ताक अहमद ने पुलिस को बताया कि यूपी के रामपुरा के 22 वर्षीय फैजान और इटावा के 21 वर्षीय जाहिद की आसपास तलाश की गई, परंतु कहीं कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी गई। शिकायत में बताया कि दोनों को दोपहर डेढ़ बजे जेल में इकट्ठा देखा गया। इसके बाद दोनों जेल में किसी को दिखाई नहीं दिए। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि रेवाड़ी की यह जेल प्रदेश की हाईटेक जेलों में गिनी जाती है, जिसका उद्घाटन बीते साल किया गया था। जेल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने के दावे किए गए थे, लेकिन दिनदहाड़े दो बंदियों के फरार होने की घटना ने इन दावों की पोल खोल दी है। जब इस बारे में एसपी जेल सुरेंद्र दलाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कर्मचारियों ने जेल के राउंड पर होने की बात कहते हुए बात करवाने से इनकार कर दिया।
एसएचओ सदर राजेंद्र कुमार ने बताया कि फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। जिनमें सदर पुलिस रेवाड़ी के साथ रेवाड़ी और धारूहेड़ा सीआईए की टीमों को लगाया गया है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आरोपी जेल से कैसे फरार हुए? पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
#Rewari #PrisonBreak #Escapees #HiTechJail #JailAdministration #CrimeNews #TrueCrime #MissingPrisoners #EscapeStory #LawEnforcement #CaughtEventually #NewsUpdate #RewariJail #CriminalJustice #PrisonEscape #SecurityBreach #DistrictJail #InsideScoop #ViralNews #PrisonDrama