Haryana: अपने निजी सचिव की जांच के लिए डिप्टी स्पीकर ने लिखा CM को पत्र, कहा, जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए

Haryana विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिढ़ा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि उनके निजी सचिव मोहित शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपी की जांच निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच एजेंसी से करवाई जाए। वह आज यहां पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस दिन जांच एजेंसी जांच शुरू करेगी उसी दिन वह अपने निजी सचिव को छुट्टी पर भेज देंगे ताकि जांच प्रभावित न हो।उन्होंने कहा कि मैं अपने निजी सचिव मोहित को भी जांच में सहयोग करने की बात कही है।
डॉ कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है और इस मामले में भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जो भी दोषियों उसके खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि वह अपने निजी सचिव के प्रति अंधेरे में हो और वह जांच में सभी बातें सामने आ जाएंगी। अगर शिकायतकर्ता गलत निकलता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं जींद के विधायक डॉक्टर कृष्ण मिढ़ा के निजी सचिव मोहित शर्मा के खिलाफ जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखा था। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए स्टेट विजिलेंस और एंटी करप्शन ब्यूरो को मोहित शर्मा, उनके परिवार और उनके रिश्तेदारों की संपत्ति की जांच करने के आदेश दिए हैं। इस मामले में आईएएस अधिकारी प्रियंका सोनी को सुपरविजन की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
जींद के भारत भूषण शर्मा ने इस मामले में पिछले दिनों राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, केंद्रीय कानून मंत्री, हरियाणा के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, राज्य विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो, हरियाणा के विधानसभा सचिव को पत्र लिखकर कहा था कि मोहित शर्मा पिछले 15 सालों से बेईमानी और दूसरे तरीकों से भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, कमीशन खोरी के माध्यम से अपनी जेब भरने का काम कर रहा है। भारत भूषण शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा कि मोहित शर्मा ने अपने नाम से अपने परिवार और रिश्तेदारों के नाम से बेनामी संपत्ति अर्जित करने का काम किया है। शिकायत में इस बात का जिक्र है कि जींद नगर परिषद के 90% ठेके यह अपने प्रभाव से अपने ही एक नजदीकी व्यक्ति को दिलाने का काम करता है और उसकी एवज में मोटी रकम वसूल करता है।
शिकायत में जिक्र किया गया है कि मोहित शर्मा ने अपने और अपने परिवार के नाम से जींद के कुछ गांवों, हांसी, अंबाला, जीरकपुर और पाली में बेनामी संपत्ति अर्जित की है। इस शिकायत में मोहित शर्मा की पत्नी को भी पार्टी बनाया गया है और कहा गया है कि मोहित शर्मा अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके अपनी पत्नी को कार्यालय में नहीं जाने देता और वह घर बैठे सरकारी कर्मचारी होते हुए तनख्वाह लेने का काम कर रही है। शिकायत में जींद के पार्कों के ठेके का भी जिक्र है और कहा गया है कि पार्कों के ठेके मोहित शर्मा ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए एक व्यक्ति विशेष को दिलाने का काम किया है।
इस मामले में केंद्र सरकार के न्याय एवं कानून मंत्रालय ने संज्ञान लेते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मोहित शर्मा, उनके परिवार और रिश्तेदारों की संपत्ति की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है जिसके बाद प्रदेश के मुख्य सचिव ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए स्टेट विजिलेंस और एसीबी को जांच सौंप दी है। इसी मामले को लेकर आज हरियाणा के डिप्टी स्पीकर और जींद के विधायक ने अपनी स्थिति साफ करते हुए कहा कि उन्होंने भी इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपने निजी सचिव की जांच करवाए जाने की मांग की है।