बदल गई हरियाणा के नक्शे में जिलों की सीमाएं हांसी को जिला बनाने का गजट नोटिफिकेशन जारी
बदल गई हरियाणा के नक्शे में जिलों की सीमाएं हांसी को जिला बनाने का गजट नोटिफिकेशन जारी

Satya Khabar, Panchkula
\हरियाणा के नक्शे में जिलों की सीमाएं अब बदल गई हैं। नक्शे में अब 23 जिले नजर आएंगे। हांसी को जिला बनाने की मुख्यमंत्री की घोषणा और हरियाणा कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब इसका गलत नोटिफिकेशन हो गया है और राज्यपाल ने इसे स्वीकृति प्रदान कर दी है।
हरियाणा में आज सोमवार से 23 जिले होंगे। हांसी को अलग जिला बनाने का नोटिफिकेशन जारी हो गया है। हरियाणा की मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा की ओर से लेटर जारी हुआ है। इसमें लिखा है कि रजिस्ट्रीकरण अधिनियम 1908 की धारा 5 के साथ पठित हरियाणा भू-राजस्व अधिनियम 1887 की धारा 5 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए हरियाणा के राज्यपाल इसके द्वारा हिसार जिले की सीमाओं को परिवर्तित करते हैं और उसके उपमंडलों की संख्या बदलते हैं ताकि हांसी नाम से नया जिला बनाया जा सके, जिसमें हांसी और नारनौंद उपमंडल शामिल होंगे।
आज से हिसार की सीमाएं कम हो गई हैं। वर्तमान में हिसार जिले में 6 तहसील और 3 उप-तहसील हैं। तहसील हिसार, हांसी, नारनौंद, बरवाला, बास और आदमपुर, बालसमंद, उकलाना और खेरी जालब उप-तहसील हैं। हांसी जिला बनने से 3 तहसील अलग हो जाएगी अब बास, नारनौंद, हांसी अलग जिले में गिनी जाएगी। हिसार में हिसार और बरवाला उपमंडल रह जाएगा। इसके अलावा हांसी में नारनौंद और हांसी दो उपमंडल गिने जाएंगे।
हांसी के जिला बनने के बाद कई चीजें बदल जाएंगी। हांसी के लोगों को अब प्रशासनिक कामों और DC से मिलने के लिए हिसार नहीं आना होगा। हांसी में ही DC बैठेंगे। इसके साथ ही मुकदमों की पैरवी के लिए हिसार जिला कोर्ट भी नहीं आना पड़ेगा। हांसी में जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन होगा। जिला न्यायाधीश भी बैठेंगे। इसके अलावा हांसी के जिला बनने से इलाके का विकास तेजी से हो सकेगा। सरकार जिले के विकास के लिए नई योजनाएं लाएगी, जिससे लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जीवन स्तर में सुधार होगा।
1 नवंबर 1966 को पंजाब का पुनर्गठन हुआ और हरियाणा नया स्टेट बना। उस समय हिसार, एरिया वाइज हरियाणा का बड़ा जिला था और आज के कई जिले- जैसे भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद व चरखी-दादरी, उसी का पार्ट थे। हिसार का पहला विभाजन 22 दिसंबर 1972 को हुआ, जब भिवानी को अलग जिला बनाया गया।
हिसार का दूसरा बंटवारा 1 सितंबर 1975 को हुआ जब सिरसा को नया जिला बनाया गया। हालांकि, व्यावहारिक रूप से सिरसा जिला 1979 में अस्तित्व में आया।
हिसार का तीसरा बंटवारा 15 जुलाई 1997 को हुआ, जब फतेहाबाद को जिला बनाया गया। फतेहाबाद उस समय तक हिसार जिले की एक तहसील होती थी। 22 जनवरी 2016 को किसी समय हिसार का हिस्सा रहे भिवानी जिले को तोड़कर चरखी-दादरी को जिला बनाया गया। चरखी-दादरी ऐतिहासिक रूप से पुराने हिसार मंडल का हिस्सा रहा।
सीएम नायब सैनी ने 16 दिसंबर 2025 को हांसी को अलग जिला बनाने का ऐलान किया। जिसका 22 दिसंबर को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने 16 दिसंबर को हांसी की विकास रैली में हांसी को जिला बनाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि एक सप्ताह के अंदर नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाते हुए 6 दिन में ही हांसी को जिला बनाने का नोटिफिकेशन जारी करवा दिया। नए जिले में हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों के कुल 110 गांव शामिल किए जाएंगे। नए जिले में दो उपमंडल हांसी और नारनौंद होंगे जिन्हें हिसार जिले से पृथक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त तीन तहसीलें हांसी, नारनौंद और बास तथा एक उपतहसील खेड़ी जालब शामिल होगी। नए जिले में तीन ब्लाक हांसी-1, हांसी-2 और नारनौंद भी होंगे। प्रस्तावित जिला हांसी का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 1,34,976 हेक्टेयर होगा। इसकी अनुमानित जनसंख्या लगभग 5,40,994 होगी।