रणजीत चौटाला न कांग्रेस के साथ जाएंगे और न ही क्षेत्रीय दल बनाएंगे तो क्या करेंगे….
रणजीत चौटाला न कांग्रेस के साथ जाएंगे और न ही क्षेत्रीय दल बनाएंगे तो क्या करेंगे....

Satya Khabar,Bhiwani
Ex Minister Ranjeet Singh chautala : पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने इस बात के पत्ते तो अभी नहीं खोले हैं कि वह किधर जाएंगे लेकिन भिवानी में उन्होंने भाजपा सरकार की प्रशंसा कर और कांग्रेस को वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान पर घेरकर इस बात के संकेत तो दे दिए हैं कि उनके लिए कांग्रेस में जाना नामुमकिन है। उन्होंने इस बात के भी संकेत दिए कि वह क्षेत्रीय दल बनाने के मूड में नहीं हैं। फरवरी-मार्च में प्रस्तावित हिसार रैली का निमंत्रण देने रविवार को पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला भिवानी पहुंचे थे। इस दौरान वे कांग्रेस पर गरम तो भाजपा पर नरम दिखे। उन्होंने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोप को बेबुनियाद बताया। रैली के बाद वे किस पार्टी में जाएंगे, ये पत्ते उन्होंने नहीं खोले।
पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला ने कहा कि “वे फरवरी-मार्च में हिसार में बड़ी रैली कर आगामी राजनीतिक फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा ही नहीं, पूरे देश में क्षेत्रीय दलों का कोई भविष्य नहीं है। हर क्षेत्रीय दल को भाजपा या कांग्रेस का सहयोगी बनना पड़ा रहा है। चौटाला ने हरियाणा में नायब सरकार के एक साल पूरा होने पर कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी शरीफ और भले आदमी हैं। अच्छे प्रयास कर रहे हैं।”
हरियाणा सरकार पर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि “सरकार ना बने तो आरोप लगा दो। 50 साल उन्हीं की सरकार थी। कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों को उन्होंने बेबुनियाद बताया। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा हरियाणा में सरकार चोरी के आरोप पर रणजीत चौटाला ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि ईवीएम या वोट चोरी का पता नहीं, पर कांग्रेस ने सरदार पटेल के वोट ज्यादा होने पर भी नेहरू को पीएम बनाया था। आपातकाल में इंदिरा ने कोर्ट के आदेश पर पीएम पद नहीं छोड़ा था।”
भाजपा पर नरम दिखते-दिखते अंत में रणजीत चौटाला ने कुछ भाजपा नेताओं (गौरव गौतम, रामकुमार गौतम और रामचंद्र जांगड़ा) के जाट विरोधी बयान पर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि “ऐसे बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं। ऐसी बातें कर नेता भाईचारा न तोड़ें।” साथ ही कहा कि “लोगों को ऐसे बयान देने वाले नेताओं को धमकाना चाहिए।”