किसानों को होने वाले हर नुकसान की भरपाई करेगी हरियाणा सरकार : नायब सैनी
मुख्यमंत्री ने किसानों को गेहूं और धान के फसल चक्र से बाहर निकलकर आय बढ़ाने को कहा

सत्य खबर हरियाणा
CM Nayab Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को सामने रखकर किसानों को उसके मध्य में रखने का काम किया है। प्रधानमंत्री की सोच है कि जब तक गांव विकसित नहीं होगा और किसान समृद्ध नहीं होगा तब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को समृद्ध करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं और फसलों के विविधीकरण की तरफ किसानों को आकर्षित करने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को गेहूं और धान की फसल से बाहर निकाल कर उन्हें मसाले, फल, सब्जी और फूलों की तरफ ले जाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को गेहूं और धान से अलग फसल पैदा करनी चाहिए जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फल और सब्जियों के मामले में देखा गया है कि करीब एक चौथाई फसल खराब हो जाती है इसे बचाने के लिए सरकार मार्केटिंग की व्यवस्था कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने फैसला किया है कि किसान को अगर कोई भी नुकसान होगा तो उसकी भरपाई सरकार करेगी।
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी झज्जर जिले के गांव मुनीमपुर पहुंचे। अपने इस महत्वपूर्ण दौरे पर मुख्यमंत्री ने बादली हलके के निवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए करीब 100 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इजरायल के राजदूत रूवेन आजाद भी अपनी बेटी और पत्नी सहित कार्यक्रम में पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एग्रीकल्चर नहीं बल्कि एग्री बिजनेस हो गया है। ऐसे में किसानों को अपनी पारंपरिक खेती से बाहर आकर दूसरी खेती पर ध्यान देना चाहिए। आज लोगों को भोजन से ज्यादा उसकी गुणवत्ता की चिंता रहती है और किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर कदम बढ़ाने चाहिए।
प्रदेश के अत्याधुनिक केंद्र का उद्देश्य किसानों को फूलों की उन्नत किस्मों, आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों से जोड़ना है। यहां किसानों को प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री और नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटित की गई परियोजनाओं में कृषि, शिक्षा, चिकित्सा और खेल सहित कई अहम क्षेत्र शामिल हैं। क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाली प्रमुख परियोजनाओं में मुनीमपुर में पुष्प एवं बीज उत्पादन उत्कृष्टता केंद्र (इंडो-इजराइल मॉडल) प्रमुख है। इससे किसानों को उन्नत तकनीक का लाभ होगा। बादली में 31.04 करोड़ रुपये की लागत से नया उपमंडल भवन एवं आवासीय कॉलोनी बनाई जाएगी।
कुलाना में 12.25 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय महिला महाविद्यालय तथा निमाना में 10.14 करोड़ की लागत से नया जलघर बनाया जाएगा। मुनीमपुर में शुरू किया गया ‘पुष्प एवं बीज उत्पादन उत्कृष्टता केंद्र’ इंडो-इजराइल कृषि परियोजना की तर्ज पर बनाया गया है। इससे स्थानीय किसानों को विश्वस्तरीय बागवानी और बीज उत्पादन तकनीक मिलेगी, जिससे उनकी आय और फसल गुणवत्ता में भारी सुधार होगा।
नगर परिषद बहादुरगढ़ की चेयरपर्सन सरोज राठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बादली क्षेत्र के गांव मुनीमपुर में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं ने मुनीमपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
#Haryana #Jhajjar #FarmersSupport #GovernmentCompensation #NayabSaini #AgricultureNews #RuralDevelopment #FarmersWelfare #HaryanaGovernment #CropLoss #FinancialAid #SustainableFarming #FarmersRights #CommunitySupport #AgriculturalPolicy #HaryanaAgriculture #EconomicSupport #FarmersFirst #RuralEconomy #HaryanaUpdates