Lawrence Bishnoi का भाई अनमोल NIA की हिरासत में अमेरिका ने डिपोर्ट किया है अनमोल बिश्नोई को
Lawrence Bishnoi का भाई अनमोल NIA की हिरासत में अमेरिका ने डिपोर्ट किया है अनमोल बिश्नोई को

Satya khabar,panchkula
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग करने और बाबा सिद्दीकी मर्डर केस का आरोपी गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई आज अमेरिका से भारत लाया गया। लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल को अमेरिका ने डिपोर्ट किया है। उसके साथ अन्य डिपोर्ट किए गए लोग भी इसी फ्लाइट से आ रहे हैं। NIA की टीम ने अनमोल बिश्नोई को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही हिरास्त में ले लिया है। अब केंद्र सरकार यह तय करेगी कि आगे उसकी कस्टडी किस एजेंसी को दी जाए।
महाराष्ट्र पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अनमोल सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग केस में भी वॉन्टेड है। मुंबई पुलिस भी उसे अपनी कस्टडी में लेने के लिए अदालत में आवेदन करेगी।
अनमोल का हरियाणा कनेक्शन
अनमोल का फर्जी पासपोर्ट हरियाणा के फरीदाबाद के एड्रेस पर बनाया गया था और इसमें अनमोल बिश्नोई ने अपना नाम भानु प्रताप और पिता का नाम राकेश और माता का नाम सुमित्रा देवी बताया था। इसमें प्लेस ऑफ बर्थ हरियाणा बताया गया और फरीदाबाद के सेक्टर 82 का एड्रेस दिया गया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने जांच करते हुए कई एजेंट्स को गिरफ्तार किया था। जांच में फेक पासपोर्ट बनाने में सबसे अहम किरदार साथी कर्मवीर का आया था।
कई राज्यों में दर्ज हैं केस, रूस का फर्जी पासपोर्ट भी मिला
मुंबई पुलिस ने अनमोल के प्रत्यर्पण के लिए दो प्रस्ताव भेजे थे और देशभर में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इस महीने की शुरुआत में एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि अनमोल, जो अमेरिका और कनाडा के बीच अपनी लोकेशन बदलता रहता है। उसे कनाडा में हिरासत में लिया गया है। उसके पास से फर्जी दस्तावेजों पर बना रूसी पासपोर्ट मिलने की भी जानकारी सामने आई थी। पिछले साल नवंबर में उसे अमेरिका में भी हिरासत में लिया गया था। NIA ने उसके सिर पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था।
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस से भी जुड़ चुका है नाम
अनमोल बिश्नोई का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी सामने आया था। वहीं, NCP नेता और दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने कहा कि उन्हें एक ईमेल भेजकर बताया गया है कि अनमोल को भारत भेजा जा रहा है। जीशान ने कहा कि अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों के लिए सजा मिलनी चाहिए।
कैसे भागा अनमोल
पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला अनमोल 2021 में फर्जी पासपोर्ट पर भारत से भागा था। पहले नेपाल, फिर दुबई और केन्या होते हुए वह अमेरिका पहुंचा। अप्रैल 2023 में उसे आखिरी बार कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में देखा गया था। अमेरिका की ICE ने उसे फर्जी पासपोर्ट के आधार पर हिरासत में लेकर आईओवा के पोटावाटामी काउंटी जेल में रखा था।
क्या हैं आरोप
NIA की 24 मार्च 2023 की चार्जशीट के अनुसार, अनमोल बिश्नोई और गोल्डी बराड़ अमेरिका से बिश्नोई गैंग की वित्तीय और लॉजिस्टिक गतिविधियों को संभालते थे। दोनों कई प्रो-खालिस्तान संगठनों से जुड़े लोगों के लगातार संपर्क में थे। इसके अलावा वह काले धन, ड्रग्स तस्करी, हथियारों की सप्लाई, धमकी, एक्सटॉर्शन और विभिन्न राज्यों में टार्गेट किलिंग से जुड़े मामलों में भी आरोपी है।
अब टूट जाएगा लॉरेंस बिश्नोई का वैश्विक चैनल
एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘लॉरेंस बिश्नोई का प्रमुख विदेशी एजेंट था। वसूली रैकेट और धमकी नेटवर्क को एन्क्रिप्टेड चैनलों से निर्देश देता था। पश्चिम एशिया, पूर्वी अफ्रीका और उत्तर अमेरिका के अपराधी नेटवर्क से लिंक स्थापित कर रहा था।” अधिकारी के अनुसार, उसकी वापसी से बिश्नोई गिरोह के वैश्विक नेटवर्क और कई आतंक, हत्या तथा रंगदारी मामलों को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।