तेज हवाओं, बारिश और आसमानी बिजली गिरने की घटनाओं से बिगड़ा हरियाणा का मौसम
तेज हवाओं से गेहूं की फसल गिरी, बिजली गिरने से 30 बकरियों की मौत

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : हरियाणा में मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बुधवार दोपहर से मौसम में तेजी से बदलाव आया। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर आसमान में बादल छाए रहे। हिसार, महेंद्रगढ़, भिवानी, जींद चरखी-दादरी, मेवात में बूंदाबांदी व दो तीन स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। तेज हवाओं के चलने से कई स्थानों पर गेहूं की फसल गिर गई। नारनौल में बिजली गिरने से 30 बकरियों की मौत हो गई जबकि चरवाहा गंभीर रूप से झुलस गया।
रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। आंधी में सड़कों पर लगे होर्डिंग भी उखड़ गए। सड़कों पर पानी भर गया है।
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ बुधवार 18 मार्च शाम से एक्टिव हो गया है। इसके प्रभाव के कारण दो दिन 19 और 20 मार्च तक मौसम खराब रहेगा। आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

खासकर उत्तर और पूर्वी जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद में ज्यादा असर रहेगा, जहां तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ बारिश होने की संभावना है। 20 मार्च को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा और कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने के आसार हैं। वहीं बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। 21 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा और अगले 4 दिन तक मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में सक्रिय यह पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान की तरफ से हरियाणा में दाखिल हुआ है।
नारनौल में कई जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ गए। गुरुग्राम में जलभराव के चलते कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति रही।
हरियाणा में तापमान
बारिश और बादलों की वजह से हरियाणा में अधिकतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 18 मार्च को राज्य का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। हिसार, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 31 के बीच रहा। कई जगह हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो सकी। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को बादल और बारिश के चलते दिन के तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट संभव है, जिससे दिन में भी हल्की ठंडक महसूस होगी।
न्यूनतम तापमान में बारिश और बादलों के कारण बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 18 मार्च को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया। करनाल, हिसार, भिवानी, जींद समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री के बीच रहा। औसतन न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की वृद्धि देखी गई, जिससे रातें पहले के मुकाबले थोड़ी गर्म हो गई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 और 20 मार्च को बादलों की मौजूदगी और नमी के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा ऊपर बना रहेगा, यानी रात में ज्यादा ठंड महसूस नहीं होगी।
प्रदेश के सभी जिलों में रात का तापमान 13 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हिसार का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.7 डिग्री कम है।
मौसम का पूर्वानुमान
बुधवार को सिरसा,फतेहाबाद , हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम में मौसम में बदलाव के चलते 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी जिलों में गरज चमक के साथ एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इस पश्चिमी विक्षोभ का असर आने वाले दो तीन दिनों तक बना रहेगा। 21 मार्च को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने आंधी चलने और एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियां भी बन रही है। पूरे प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे है।
मार्च महीने के दूसरे पखवाड़े में पश्चिम विक्षोभ का असर बना रहेगा, जिसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेंगे। बुधवार को प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। हिसार जिले में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले मार्च महीने के पहले सप्ताह में हिसार का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
#StrongWinds #RainAndLightning #HaryanaWeather #WeatherUpdate #StormAlert #HeavyRain #LightningStrike #HaryanaStorm #ExtremeWeather #WeatherWarning #MonsoonSeason #Nature’sPower #SevereWeather #RainyDays #WeatherForecast #StormChasers #RainyHaryana #WindyWeather #ClimateImpact