सरकार का दावा रसोई गैस की किल्लत नहीं, लेकिन लोग हो रहे परेशान
प्रदेश भर में लोगों ने लगाए जाम, रेवाड़ी में एजेंसी के गोदाम पर मिले अवैध सिलेंडर

सत्य खबर हरियाणा
LPG Crisis Haryana : हरियाणा में एलपीजी रसोई गैस की किल्लत से लोग परेशान हैं। लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। हालांकि सरकार प्राप्त मात्रा में स्टॉक होने और किसी प्रकार की समस्या से इनकार कर रही है लेकिन इसके बावजूद सड़क पर समस्या साफ नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि उन्हें तीन-तीन, चार-चार दिन लाइन में लगने के बावजूद भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश सरकार ने प्रदेश में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। केंद्र सरकार ने शहरों में 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन बाद सिलेंडर की बुकिंग का ऐलान किया है। नियमों में संशोधन के बाद ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं में रोष देखा जा रहा है।
प्रदेश में गैस सिलेंडरों की समस्या को लेकर हर रोज सड़क जाम हो रही है। अनेक ग्रामीण इलाकों में महिलाओं ने एलपीजी की मारामारी के बीच कुकिंग गैस को त्यागकर पारंपरिक चूल्हों को जलाने का फैसला किया है।
गैस एजेंसी पर छापा
रेवाड़ी के कोसली में सीएम फ्लाइंग टीम ने एक गैस एजेंसी पर रेड मारी। जांच में मौके से अवैध सिलेंडर बरामद हुए। कोसली थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि कोसली स्थित शहीद सुरेन्द्र सिंह गैस एजेंसी पर सिलेंडरों की आपूर्ति में भारी गड़बड़ी की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने गैस एजेंसी के गोदाम पर रेड मारी। जांच पड़ताल में स्टॉक के अनुसार 19 किलो के कमर्शियल 21 सिलेंडर कम पाये गए। 5 किलो वजन के 5 खाली सिलेंडर भी बरामद हुए, जबकि 14.2 किलो वजन के सिलेंडरों का रिकॉर्ड सही पाया गया, लेकिन जब गोदाम के साथ ही चार दीवारी में बनाये गए एक कमरे की जांच पड़ताल की गई तो वहां इंडेन के 14.2 किलोग्राम के 32 भरे हुए और 63 खाली सिलेंडर मिले। लेकिन हैरत की बात है कि यहां से भारत गैस के 14.2 किलोग्राम वाले 8 सिलेंडर और इंडेन के 5 किलोग्राम वाले 18 खाली सिलेंडर बरामद हुए। इन सिलेंडरों का गैस एजेंसी संचालक रिकार्ड पेश नहीं कर सके। टीम ने इसकी शिकायत कोसली थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टोहाना में महिला हुई बेहोश
फतेहाबाद जिले के टोहाना के दमकोरा रोड स्थित मुकुल गैस एजेंसी में सिलेंडर की पर्ची लेने के लिए लाइन में खड़ी एक युवती प्रीति बेहोश हो गई। प्रीति अपने पिता सुरेश के साथ चार घंटे से लाइन में खड़ी थी। तेज धूप और गर्मी के कारण प्रीति को चक्कर आ गया और वह वहीं गिर पड़ी। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पीएनजी कनेक्शन होंगे दोगुना
प्रदेश में रसोई गैस की किल्लत के बीच प्रदेश सरकार ने पीएनजी कनेक्शन दोगुना करने का फैसला किया है। प्रदेश में अभी पीएनजी के 3 लाख 32 हजार कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। सरकार के अनुसार घरेलू कनेक्शन की संख्या आने वाले 3 माह में दोगुनी की जाएगी।
पिहोवा में रोड़ जाम किया
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में गैस सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं ने अंबाला रोड पर जाम लगा दिया। थाना सिटी पिहोवा SHO सुनील वत्स ने बताया कि गैस एजेंसी संचालक ने शाम तक गैस सिलेंडर आने की संभावना जताई और कल सिलेंडर देने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया।
3-4 दिन से लाइन में लगने के बावजूद नहीं मिल रहा सिलेंडर
नारनौल के निजामपुर में गैस एजेंसी के पास उपभोक्ताओं ने सिलेंडर न मिलने पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर डॉयल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस के सिलेंडर दिलाने के आश्वासन के बाद लोगों को जाम खोला। लोगों का कहना है कि लगातार 3-4 दिन लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
जींद में भी लोगों ने लगाया जाम
जींद में भी लोगों ने लगातार दो दिनों तक मिनी सचिवालय के पास सड़क को जाम करके सिलेंडर नहीं मिलने पर रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि जब सरकार इस बात का दावा करती है कि सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है तो सिलेंडर उन्हें मिल क्यों नहीं रहा है। बाद में पुलिस ने आकर रास्ता खुलवाने का काम किया।
#CookingGas #GasShortage #GovernmentClaims #GasProblems #ConsumerExperience #EnergyCrisis #KitchenEssentials #HomeCooking #PublicIssue #GasAvailability #EverydayStruggles #FuelSupply #CommunityConcerns #RisingCosts #DailyLife #GasPriceHike #HomeEnergy #CookingEssentials #VoicesUnheard