बदमाशों पर भारी पड़ा गुरुवार, हरियाणा में तीन जगह मुठभेड़ में पांच बदमाश घायल
कैथल, महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद में हुई मुठभेड़, महेंद्रगढ़ में पादरी गुलेल गैंग को लगा बड़ा झटका

सत्य खबर हरियाणा
Police Encounter : प्रदेश में गुरुवार की रात बदमाशों को काफी भारी पड़ी। कैथल, फरीदाबाद और महेंद्रगढ़ जिलों में पुलिस के साथ मुठभेड़ में पांच बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने कुल 10 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से पांच घायल बदमाशों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

महेंद्रगढ़ में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पादरी गुलेल गैंग के 7 आरोपी गिरफ्तार
महेंद्रगढ़ जिले में CIA नारनौल और पादरी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो घायल बदमाशों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो इनामी बदमाश भी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि पादरी गुलेल गैंग के सदस्य महेंद्रगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। इसके बाद CIA टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
घायलों को पहले नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से पांच अन्य आरोपियों को भी काबू कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से कई पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और अन्य हथियार बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग के सदस्य पहले भी लूट, रंगदारी, फायरिंग और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में शामिल रहे हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने मुठभेड़ में वांछित संदीप चेंटा को पकड़ा

फरीदाबाद में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने गुरुवार की रात को वांछित आरोपी संदीप उर्फ चेंटा वासी गांव मच्छगर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस से खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की, इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। वहीं, पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। यह मुठभेड़ थाना छांयसा के अंतर्गत चांदपुर से अटाली रोड पर गांव फज्जूपुर क्षेत्र में हुई। पकड़ा गया बदमाश सेक्टर-12 कोर्ट मोड स्थित चंदिला फूड होटल पर कर्मचारी के ऊपर पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। मौके से एक मोटरसाइकिल, एक पिस्टल बरामद हुई।
डेरों में लूट करने वाले लुटेरों का कैथल पुलिस ने किया एनकाउंटर

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने बहादुरी का परिचय देते हुए लूट डकैती मामलों में वांछित 2 आरोपियों को कलायत क्षेत्र में मुठभेड़ के उपरांत काबू किया है। बताया जा रहा है कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम कुमार की टीम कलायत क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम को सूचना मिली कि कैथल जिले में डेरो में लूट डकैती के मामलों में वांछित 2 आरोपी जिला अम्बाला के शहजादपुर निवासी रजत व मंगल अभी खडालवा मंदिर की रेकी करने के लिए घूम रहे है। पुलिस टीम द्वारा तुरंत उनकी तलाश की गई और खडालवा मंदिर के पास बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर बाइक पर फरार होने लगे। पुलिस टीम द्वारा उनका गाड़ी से पीछा किया गया तो मटोर बढ़सिकरी रोड पर रजबाहा के पास उनकी बाइक फिसल गई। दोनों आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस टीम द्वारा उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई। परन्तु आरोपियों ने पुलिस टीम पर लगातार फायरिंग चालू रखी। पुलिस टीम द्वारा चेतावनी के रूप में 5 हवाई फायर किए जिसके बाद भी आरोपियों द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली एचसी हरीश की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस टीम द्वारा उन्हे काबू करने के लिए जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपियों की तरफ 4 फायर किए गए। जिसमें से दोनों आरोपियों की टांगों में एक-एक गोली लगने उपरांत दोनों आरोपी गिर पड़े तथा पुलिस टीम द्वारा उन्हें काबू कर लिया गया।
1. #HaryanaCrimeUpdate 2. #CriminalEncounters 3. #HaryanaPolice 4. #LawAndOrder 5. #CrimeFighting 6. #PublicSafety 7. #HaryanaNews 8. #JusticeServed 9. #CrimePrevention 10. #HaryanaSecurity 11. #PoliceAction 12. #HaryanaLawEnforcement 13. #SafetyFirst 14. #HaryanaVigilance 15. #CriminalsCaught 16. #HaryanaAlert 17. #CommunitySafety 18. #HaryanaUpdates 19. #CrimeWatch 20. #HaryanaStrong