कुलदीप बिश्नोई ने राजनीति से एक साल के विराम के बाद जनहित दिवस पर दिखाई अपनी ताकत, लोगों की उम्मीदें बढ़ीं

भिवानी एवं हिसार से सांसद रहे वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई अपने अभेद किले को खोने और करीब 1 साल राजनीति से दूर रहने के बाद एक बार फिर राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं। कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिन के अवसर पर 22 सितंबर को सुबह आदमपुर मंडी में ‘जनहित दिवस समारोह’ आयोजित किया जाएगा। इस समारोह से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री वितरित की जाएगी और रवाना की जाएगी। यह कार्य कुलदीप बिश्नोई के समर्थकों और ‘भजन ग्लोबल इंपेक्ट फाउंडेशन’ की तरफ से किया जाएगा।
हरियाणा में करीब एक साल बाद बिश्नोई परिवार फिर राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहा है। ताकत दिखाने के लिए इस बार पूर्व सीएम भजनलाल की जयंती (6 अक्टूबर) की बजाय कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिन 22 सितंबर का मौका चुना है। इस दिन हिसार के आदमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की पुरानी आढ़त की दुकान के सामने जनहित दिवस समारोह रखा गया है। कांग्रेस से नाराज होने के बाद भजनलाल ने ‘जनहित’ शब्द को लेकर ही साल 2007 में हरियाणा जनहित कांग्रेस बनाई थी, जिसका बाद में कांग्रेस में विलय कर दिया गया था। कुलदीप बिश्नोई 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। हालांकि, लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा की कुछ बैठकों से उनकी दूरी की खबरें भी आईं। यह कार्यक्रम पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की विरासत को याद करने और परिवार की राजनीतिक पकड़ को फिर से मजबूत करने की एक कोशिश मानी जा रही है।

2024 के विधानसभा चुनाव में भव्य बिश्नोई की हार के बाद, भजनलाल परिवार की आदमपुर सीट पर लगातार 16 जीत का सिलसिला टूट गया था। यह कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन का जरिया हो सकता है, जहां कुलदीप बिश्नोई के राजनीतिक भविष्य पर चर्चा हो सकती है।
कुलदीप बिश्नोई ने हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ी इसलिए जनहित दिवस
आदमपुर के पूर्व विधायक एवं भाजपा के युवा नेता भव्य बिश्नोई ने बताया कि चौधरी कुलदीप बिश्नोई ने सदैव जनता के हितों की राजनीति की है। उनकी राजनीति बेदाग, साफ-सुथरी और संघर्षपूर्ण रही है। इसलिए कार्यकर्ताओं ने उनके जन्मदिन को ‘जनहित दिवस समारोह’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सहित राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिन पर साथी सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। भव्य बिश्नोई ने बताया कि राज्य में भारी बारिश से जलभराव होने के चलते किसानों एवं आम जानमानस को परेशानी का सामना करना पड़ा है। कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिवस समारोह को सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। समारोह को सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा।