राघव चड्ढा ‘कुशल सांसद’, संसद में विषयों को बेहद प्रभावी और अच्छे तरीके से रखते हैं : मनोहर लाल
कहा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में दूसरे नेताओं को उभरने का मौका नहीं दिया जाता

सत्य खबर हरियाणा
Manohar Lal : केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा के ‘घायल हूं इसलिए घातक हूं’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राघव चड्ढा की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक ‘कुशल सांसद’ बताया, लेकिन साथ ही आम आदमी पार्टी (AAP) के आंतरिक कामकाज और सांगठनिक ढांचे पर तीखे सवाल भी खड़े किए।
करनाल में पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राघव चड्ढा संसद में विषयों को बेहद प्रभावी और अच्छे तरीके से रखते हैं। उन्होंने कहा, एक सांसद के नाते हम उनकी बातों को सुनते हैं और विपक्षी दल के तौर पर उन्हें अपनी विचारधारा रखने का पूरा अधिकार है। हालांकि, उन्होंने आप के अंदरूनी विवादों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टियों के भीतर ‘डेमोक्रेसी’ (लोकतंत्र) होनी चाहिए। मनोहर लाल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियों में दूसरे नेताओं को उभरने का मौका नहीं दिया जाता।
केंद्रीय मंत्री ने आम आदमी पार्टी के मौजूदा हालात पर बोलते हुए कहा कि दिल्ली और पंजाब में सत्ता संभाल रही इस पार्टी के कई बड़े नेता अब साथ छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, सुनने में आता है कि उस पार्टी में केवल एक ही व्यक्ति की मनमानी चलती है। यदि कोई अपने स्वतंत्र विचार रखता है, तो उसे सहन नहीं किया जाता। राघव चड्ढा के साथ क्या हो रहा है, यह उनका अंदरूनी मामला है, लेकिन आंतरिक विवाद किसी भी पार्टी के लिए घातक होते हैं।
चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंडीगढ़ जैसे अनुशासित शहर में ऐसी हिंसक घटनाएं बेहद निंदनीय हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरे का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वहां के लोगों का रुझान तेजी से भारतीय जनता पार्टी की ओर बढ़ रहा है। आढ़ती एसोसिएशन और कई प्रतिनिधि उनसे मिल चुके हैं, जो यह संकेत देता है कि पंजाब की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
आने वाले राज्यों के चुनावों को लेकर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने अपने आगामी कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि वे कोलकाता में रैलियों में भाग लेने वाले हैं, जिससे चुनावी माहौल और तेज होगा।
करनाल के विकास को लेकर केंद्रीय मंत्री ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहर में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। जल्द ही नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स की एक टीम करनाल का दौरा करेगी, जो 10-12 नए प्रोजेक्ट्स पर चर्चा कर विकास कार्यों को और गति देगी।
#RaghavChadha #EfficientMP #ParliamentaryDebate #PoliticsIndia #IssueRaising #ManoharLal #PoliticalLeadership #EffectiveCommunication #MPVoices #InnovativePolitics #ParliamentaryIssues #IndiaPolitics #SocialChange #PublicService #LeadershipInParliament #GovernmentAccountability #ProgressiveMP #VoterEngagement #MakingADifference