स्मॉग कलर फैक्ट्री में आग लगने से मरने वालों की संख्या 7 हुई, जांच में हुए बड़े खुलासे
सरकार ने मुआवजा घोषित किया, फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार, फैक्ट्री किसी काम के लिए, हो रहा था कुछ और काम

सत्य खबर हरियाणा
Major Fire Accident News : जींद जिले के कस्बे सफीदों में स्माग कलर फैक्ट्री में मृतकों की संख्या 7 हो गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा सरकार ने मृत्यु के परिवारों को पांच-पांच लाख और घायलों के परिवारों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
शनिवार को भाट कॉलोनी में किराए के मकान में चल रही रंग-गुलाल बनाने की फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई थी। आग लगने के समय फैक्टरी के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। शुरुआती हादसे में चार महिलाओं की घटना के दिन ही मौत हो गई थी जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। घायलों को नागरिक अस्पताल और बाद में गंभीर रूप से झुलसे लोगों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और कॉलोनी के लोग अब भी सहमे हुए हैं। रिहायशी इलाके में इस तरह की फैक्टरी चलने से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रंग-गुलाल बनाने वाली फैक्टरी में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में 7 महिलाओं की मृत्यु हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री सैनी ने इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को अस्पताल में बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएं और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। राज्य सरकार ने संबंधित अस्पतालों को घायलों के समुचित इलाज के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घटना की विस्तृत जांच करने के निर्देश भी दिए हैं ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
पुलिस ने इस मामले में सफीदों निवासी राकेश, देवेंद्र, सत्यनारायण, रामकर्ण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में मुख्य आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है जबकि चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि फैक्टरी किसकी देखरेख में चल रही थी और सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे?
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि 7 मार्च 2026 को थाना शहर सफीदों पुलिस को सूचना मिली कि एक फैक्टरी में अचानक आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक मकाननुमा फैक्टरी में आग भयंकर रूप से धधक रही थी और फैक्टरी का मुख्य गेट बंद था। तुरंत फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया और संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान फैक्टरी के अंदर से कई लोग गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में मिले, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से सामान्य अस्पताल सफीदों तथा पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के दौरान 4 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया था। 3 और महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया अब मृतकों कि संख्या 7 हो गई है।
मृतका गुड्डी के पुत्र विजय वासी रड्डा मोहल्ला, सफीदों के बयान पर थाना शहर सफीदों में एफआईआर नंबर 30 दिनांक 07.03.2026 बीएनएस की धारा 287, 288, 106(1), 125, 143(3) और धारा 5 विस्फोटक अधिनियम तथा बंधुआ मजदूरी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके फैक्ट्री के मालिक राकेश वासी सफीदों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कुरड़ गांव में भी रंग-गुलाल का एक गोदाम बना रखा था। पुलिस ने उस गोदाम को भी सील कर दिया है। वहीं घटना स्थल से पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और फैक्टरी को फिलहाल ताला लगाकर बंद कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में सफीदों निवासी राकेश, देवेंद्र, सत्यनारायण, रामकर्ण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में एक आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है जबकि चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि फैक्टरी किसकी देखरेख में चल रही थी और सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे?
एसपी के अनुसार फैक्ट्री के अंदर आग किसी स्मोकिंग चीज के इस्तेमाल से लगी है। आगजनी कि घटना के मामले मे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और 4 से 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। फैक्ट्री रिहायशी इलाके के बीच में थी और सेफ्टी को लेकर कोई उपकरण भी नहीं थे।