Darwin Labs के सह-संस्थापक आयुष वर्षनेया गिरफ्तार, निवेशकों को हुआ भारी झटका

देश के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी घोटालों में शामिल लगभग ₹20,000 करोड़ के कथित बिटकॉइन स्कैम में सीबीआई ने पहली गिरफ्तारी की है। इस मामले में Darwin Labs के सह-संस्थापक आयुष वर्षनेया को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी श्रीलंका के कोलंबो भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर के आधार पर एयरपोर्ट पर ही उसे पकड़ लिया गया।
GainBitcoin योजना और निवेशकों की ठगी
जांच एजेंसियों के अनुसार यह मामला 2015 में शुरू हुई GainBitcoin योजना से जुड़ा है। इस योजना की शुरुआत अमित भारद्वाज (अब मृत), उनके भाई अजय भारद्वाज और उनके सहयोगियों ने की थी। योजना के तहत निवेशकों को हर महीने 10 प्रतिशत तक रिटर्न का लालच दिया जाता था और दावा किया जाता था कि यह मुनाफा बिटकॉइन माइनिंग के जरिए कमाया जा रहा है। निवेशकों को क्रिप्टो एक्सचेंज से बिटकॉइन खरीदकर कंपनी के प्लेटफॉर्म पर क्लाउड माइनिंग कॉन्ट्रैक्ट में निवेश करने को कहा जाता था।

पोंजी स्कीम जैसी प्रकृति और देशभर में छापेमारी
जांच में यह भी सामने आया कि यह पूरी योजना मल्टी-लेवल मार्केटिंग मॉडल पर आधारित थी। पुराने निवेशकों को नए निवेशकों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ देने का वादा किया जाता था। शुरुआत में निवेशकों को बिटकॉइन में भुगतान किया गया, लेकिन 2017 के बाद भुगतान कम होने लगा। इसके बाद कंपनी ने MCAP नामक अपनी क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान शुरू किया, जिसकी कीमत बिटकॉइन से काफी कम थी। सीबीआई ने देशभर में 60 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें दिल्ली-एनसीआर, पुणे, चंडीगढ़, नांदेड़, कोल्हापुर और बेंगलुरु शामिल थे।
मुख्य आरोपी फरार और संपत्तियों की जब्ती
इस घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मनी लॉन्ड्रिंग के नजरिए से कर रहा है। ED ने अब तक भारत और विदेशों में कई संपत्तियां अटैच की हैं, जिसमें दुबई के छह ऑफिस भी शामिल हैं। इस मामले में अजय भारद्वाज और महेंद्र भारद्वाज अभी भी फरार हैं। अप्रैल 2024 में ED ने कारोबारी राज कुंद्रा की लगभग ₹97.79 करोड़ की संपत्तियां जब्त कीं, जिनमें जुहू मुंबई का फ्लैट, पुणे का बंगला और कुछ इक्विटी शेयर शामिल थे। अनुमान है कि इस स्कीम में लगभग 29,000 बिटकॉइन शामिल थे और देशभर में हजारों निवेशक ठगे गए। सीबीआई अभी और गिरफ्तारियों की संभावना तलाश रही है और नेटवर्क की जांच जारी है।