कांग्रेस की जंबो कमेटी की कल दिल्ली में बैठक, स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर बनेगी बड़ी रणनीति
मेयर पद के लिए 21 दावेदार, इंटरव्यू के बाद छह मैदान में, हाईकमान करेगी अंतिम फैसला

सत्य खबर हरियाणा
Congress Strategy in local body election : कांग्रेस ने हरियाणा में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों को अब अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस को मेयर पद के लिए कुल 21 आवेदन मिले हैं इनमें पंचकूला से 11 सोनीपत से 6 और अंबाला से चार आवेदन शामिल हैं। 490 लोगों ने पार्षद पद के लिए दावेदारी पेश की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कांग्रेस की टिकट पर मोहर दिल्ली में लगेगी। इसके लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली में कांग्रेस की जंबो टीम की बैठक होगी।
हरियाणा में कांग्रेस की बढ़ती गुटबाजी को देखते हुए कांग्रेस ने व्यक्तिगत प्रभारी मॉडल की बजाय सामूहिक नेतृत्व को प्राथमिकता दी है। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बनाई गई 37 सदस्यीय कमेटी में पार्टी के लगभग सभी बड़े चेहरों को शामिल किया गया है। इस कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सिरसा सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, अंबाला सांसद वरुण चौधरी, सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, हरियाणा मामलों के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल व प्रफुल्ला गुढहे, अनुशासनात्मक कमेटी के चेयरमैन धर्मपाल सिंह मलिक शामिल हैं। इसके अलावा पंचकूला विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई, अंबाला सिटी विधायक वरुण चौधरी, मुलाना विधायक पूजा चौधरी, बरोदा विधायक इंदूराज नरवाल सहित कई पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भी इस टीम का हिस्सा हैं। महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, ओबीसी और एससी विभाग के प्रदेशाध्यक्षों को भी इसमें शामिल कर संगठन के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
कांग्रेस की इस जम्बो कमेटी की पहली बैठक 16 अप्रैल को नई दिल्ली में प्रस्तावित है। इस बैठक में उम्मीदवार चयन से लेकर प्रचार की रणनीति और स्थानीय मुद्दों की प्राथमिकता तय की जाएगी। यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि इसमें पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को साधने और एकजुट संदेश देने की कोशिश होगी।
माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम पर मोहर लगा सकती है। इस बैठक के बाद पार्टी हाईकमान अंतिम फैसला करेगा। बता दे कि जिन लोगों ने पार्टी की टिकट के लिए आवेदन किया था उनके इंटरव्यू की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और हर सीट से दो-दो नाम को फाइनल कर हाईकमान को भेज दिया गया है जिस पर अंतिम फैसला लिया जाना है।
अंबाला, पंचकूला, सोनीपत में लॉबिंग तेज
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में टिकट को लेकर गुटबाजी और लॉबिंग तेज हो गई है। अंबाला में कुमारी शैलजा गुट को मजबूत माना जा रहा है, जबकि सोनीपत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा समर्थकों का दबदबा बताया जा रहा है। पंचकूला में नए और पुराने नेताओं के बीच टिकट को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
संगठनात्मक एकजुटता और नेतृत्व क्षमता की भी परीक्षा
कांग्रेस के लिए यह चुनाव संगठनात्मक एकजुटता और नेतृत्व क्षमता की भी बड़ी परीक्षा माने जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक के बाद उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे और चार हाईकमान को सूची भेजी जाएगी, जिस पर अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए जिला स्तरीय विशेष समितियां भी बनाई हैं, जिनमें वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने जनवरी 2026 में होने वाले निकाय चुनाव को देखते हुए पहले ही आवेदन मांग लिए थे और अब अंतिम चरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
चुनाव घोषणा पत्र भी जल्द
कांग्रेस का प्रयास है कि इन चुनावों को लेकर वह अपने चुनाव घोषणा पत्र को जल्द से जल्द जारी कर दे ताकि उसे भविष्य में लोगों के बीच जाने में आसानी हो। पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक गीता भुक्कल के नेतृत्व में चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन किया गया है। यह समिति अगले एक-दो दिनों में ही इसे अंतिम रूप देने का काम कर रही है।
#Haryana #Congress #JumboCommittee #DelhiMeeting #LocalBodyElections #ElectionStrategy #PoliticalStrategy #HaryanaPolitics #CongressInHaryana #Elections2026 #DemocracyInAction #PoliticalMeeting #VoterEngagement #GovernanceMatters #GrassrootsPolitics #ElectionPreparations #HaryanaUpdates #PoliticalDiscussion #CivicElections