भाजपा 20 अप्रैल को जारी करेगी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची
कोर ग्रुप की बैठक में चुनाव को लेकर बनी बड़ी रणनीति, पार्टी प्रभारियों की घोषणा पहले ही कर चुकी

सत्य खबर हरियाणा
Local Body Election : हरियाणा में 10 मई को होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस चुनाव को 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद का सबसे अहम राजनीतिक मुकाबला माना जा रहा है, जहां हर सीट भविष्य की सियासत की दिशा तय कर सकती है। भाजपा ने जहां चुनाव को पूरी तरह मिशन मोड में लेते हुए सात मंत्रियों और सात वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग निकायों की जिम्मेदारी सौंपी है। आज पंचकूला में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में फैसला किया गया कि पार्टी एक पांच सदस्य कमेटी का गठन करेगी जो संबंधित नगर निगम नगर परिषद और नगर पालिकाओं का 16 से 18 अप्रैल तक दौरा करने के बाद अपनी रिपोर्ट। पार्टी 20 अप्रैल को अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर देगी। 20 अप्रैल को हरियाणा चुनाव समिति की बैठक भी बुलाई गई है।
पंचकूला में भाजपा के प्रदेश कार्यालय पंचकमल में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा और पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉक्टर सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, डॉ कमल गुप्ता, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मौजूद रहे।

साफ है कि भाजपा इस चुनाव को हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं। इन निकाय चुनावों को केवल शहरी सरकारों के गठन तक सीमित नहीं देखा जा रहा, बल्कि यह आने वाले बड़े चुनावों की ‘सेमीफाइनल’ के रूप में भी देखे जा रहे हैं। भाजपा जहां अपनी सत्ता की पकड़ मजबूत बनाए रखना चाहती है, वहीं कांग्रेस के लिए यह चुनाव जनाधार वापस हासिल करने का मौका है। सात शहरों की यह जंग अब नेताओं की साख, संगठन की ताकत और रणनीति की धार का सीधा मुकाबला बन चुकी है। ऐसे में साफ है कि हर वार्ड, हर वोट और हर रणनीति आने वाले राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे सकती है।
हर निकाय पर ‘स्पेशल कमांड’
सत्तारूढ़ भाजपा ने चुनावी रणनीति में माइक्रो मैनेजमेंट का रास्ता अपनाया है। हर निकाय के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त कर संगठन और सरकार के तालमेल को मजबूत करने की कोशिश की गई है। पंचकूला नगर निगम की जिम्मेदारी शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और पूर्व शिक्षा व कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर को सौंपी गई है। अंबाला नगर निगम में पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा और प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता को कमान दी गई है।
सोनीपत नगर निगम के लिए विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और हिसार के जिला प्रभारी जवाहर सैनी को जिम्मेदारी दी गई है। रेवाड़ी नगर परिषद में खेल मंत्री गौरव गौतम और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया को इंचार्ज बनाया गया है। उकलाना नगर पालिका में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य को जिम्मेदारी दी गई है। सांपला नगर पालिका के लिए सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और रोहतक मेयर रामअवतार वाल्मीकि को जिम्मा मिला है। धारूहेड़ा नगर पालिका में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर और कमल यादव को प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा का यह मॉडल साफ तौर पर चुनाव को ‘बूथ से लेकर बोर्ड तक’ नियंत्रित करने की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें हर स्तर पर जवाबदेही तय की गई है।
#Haryana #BJP #LocalBodyElections #CandidatesList #Elections2026 #PoliticalUpdates #HaryanaElections #ElectionAnnoucement #VoteHaryana #ElectionCampaign #HaryanaPolitics #ElectoralProcess #April20 #CandidateSelection #DemocracyInAction #BJPFamily #PoliticalLeadership #CivicEngagement #HaryanaVoices