जनगणना का काम हुआ शुरू, आज से पोर्टल पर खुद जमा कर सकेंगे अपना डाटा
सरकार ने कहा इस डाटे को किसी भी दूसरे विभाग या व्यक्ति से शेयर नहीं किया जाएगा, आरटीआई भी नहीं होगी लागू

सत्य खबर हरियाणा
Census 2026-27 : अक्सर महिलाएं जनगणना करने वाले अधिकारियों के सवालों से परेशान हो जाती हैं। जनगणना करने वाले कर्मचारी और अधिकारी भी दिन के समय घर पर आते हैं और उस समय घर पर पुरुष कम रहते हैं। महिला उनका जवाब ठीक से नहीं दे पाती, लेकिन सरकार ने अब मकान, परिवार, पानी, सफाई और ऊर्जा से जुड़े सवाल तथा घरेलू साधनों को लेकर वेबसाइट पर लोगों से विवरण मांगा है।
आज से अगले 15 दिनों तक प्रदेश का आम आदमी अपने मोबाइल या कंप्यूटर से कल 33 सवालों का जवाब दे सकेगा। खास बात यह है कि इसमें किसी प्रकार का कोई डॉक्यूमेंट अपलोड नहीं करना है। सरकार ने इस बात को भी स्पष्ट किया है कि यह जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रहेगी और इसे किसी भी दूसरे विभाग से शेयर नहीं किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इसे किसी भी स्थिति में सार्वजनिक नहीं किया जाएगा और यहां तक की आरटीआई के माध्यम से भी कोई सूचना मांगने पर इस बारे में कोई सूचना नहीं दी जाएगी। सरकार ने साफ किया है कि इस डाटा का प्रयोग केवल योजनाएं बनाने और नीति निर्धारण के लिए सांख्यकी विभाग के पास सुरक्षित रखा जाएगा।

क्या हैं सवाल
मकान से जुड़े 7 सवाल
मकान संख्या
जनगणना मकान संख्या
घर किस फर्श का है?
घर के दीवार की सामग्री
घर के छत की सामग्री
घर का उपयोग
घर की स्थिति
परिवार से संबंधित 8 प्रश्न
परिवार की संख्या
घर में कितने जन रहते हैं?
परिवार के मुखिया का नाम
परिवार के मुखिया का लिंग
परिवार के मुखिया की जाति
घर स्वयं के नाम/किराया पर?
घर में कितने कमरे हैं?
घर में कितने विवाहित परिवार रहते हैं?
पानी, सफाई एवं ऊर्जा से जुड़े 10 सवाल
पेयजल का स्रोत
पेयजल की उपलब्धता
प्रकाश का मुख्य स्रोत
शौचालय की सुलभता
किस प्रकार का शौचालय?
गंदे पानी का निकास
स्नानगृह की उपलब्धता
रसोईघर की उपलब्धता
खाना पकाने का मुख्य साधन
परिवार के खाद्य का मुख्य अनाज
घरेलू साधनों से जुड़े 8 सवाल
रेडियो
टेलीविजन
इंटरनेट सुविधा
लैपटॉप/कंप्यूटर
टेलीफोन/मोबाइल फोन/स्मार्ट फोन
साइकिल/स्कूटर/मोटरसाइकिल/मोपेड
कार/जीप/वैन
मोबाइल नंबर
क्या है प्रक्रिया
आपकी सेल्फ एंट्री पूरी करते ही आपको 11 अंकों का यूनिक कोड एसई आइडी मिलेगी। एक मई से जब जनगणना कर्मी घर आएंगे तो न लंबी पूछताछ होगी, न बार-बार फार्म भरना पड़ेगा। यही आइडी बताएंगे और आपकी पहले से भरी जानकारी तुरंत प्रमाणित होकर पोर्टल पर दर्ज हो जाएगी।
कैसे करेंगे सैल्फ एंट्री
इस बार जनगणना आपके दरवाजे से नहीं, आपकी उंगलियों से शुरू होगी। सरकारी रजिस्टर में नाम लिखने का तरीका बदल गया है। आज से शुरू हो रही सेल्फ एंट्री (स्व-गणना) ने पारंपरिक जनगणना की तस्वीर बदल दी है। पहले जहां लोग गणना कर्मी का इंतजार करते थे, वहीं अब कर्मचारी आपके पास आने से पहले आपकी जानकारी सिस्टम में मौजूद होगी। स्व-गणना के तहत आमजन 30 अप्रैल तक विभागीय पोर्टल पर सेल्फ एंट्री दर्ज करवा सकेंगे। इसके लिए आपको se.census.gov.in वेबसाइट पर प्रयोग करना होगा। स्व-गणना के लिए न किसी दफ्तर जाने की जरूरत है, न किसी लाइन में लगने की। मोबाइल या कंप्यूटर से कुछ मिनट में पूरी प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। इससे समय की बचत होगी और डेटा सीधे डिजिटल फार्म में उपलब्ध रहेगा। इसमें गलती की संभावनाएं शून्य हो जाएंगी। आपकी एंट्री पूरे होते ही एक 11 अंकों का यूनिक कोड आएगा। जब जनगणना कर्मी आपके दरवाजे पर आएगा तो उसे यह 11 अंकों का यूनिक कोड देना होगा। कर्मचारी इस यूनिक कोड को डालेगा और आपका डाटा पोर्टल पर जमा हो जाएगा।
स्व-गणना पूरी तरह से ऑप्शनल है। यह जरूरी नहीं है। जो लोग 16 से 30 अप्रैल के बीच स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके लिए एक मई से 30 मई तक पारंपरिक तरीके से घर-घर जाकर जानकारी जुटाई जाएगी।
#Haryana #CensusWork #Census2027 #SubmitYourData #DataCollection #HaryanaCensus #SelfDataSubmission #DigitalCensus #HaryanaUpdates #CensusPortal #PublicParticipation #CommunityEngagement #HaryanaGovernment #CensusAwareness #DataResponsibility #VisionHaryana #CensusBharat