दुष्यंत परिवार को इकट्ठा कर किसानों के बीच आएं फिर किसान फैसला करेंगे क्या करना है: राकेश टिकैत
बोले, हरियाणा के किसान एक बार जो ठान लेते हैं, फिर पीछे नहीं हटते

सत्य खबर हरियाणा
Rakesh Tickat : पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और सीआईए इंचार्ज के मुद्दे पर राकेश टिकैत ने कहा है कि किसान आंदोलन के समय अगर दुष्यंत पद का त्याग करके किसानों के साथ आ जाते, तो किसान उन्हें तभी मुख्यमंत्री बना देते। टिकैत ने कहा, “उनसे भी उस समय गलती हुई, वो पद छोड़कर नहीं आए। आज एक दरोगा उन्हें आंख दिखा गया।
टिकैत ने इस मामले में आगे कहा, “दुष्यंत चौटाला को पहले अपने परिवार को इकट्ठा करना पड़ेगा। वो समय बताएगा कि किसान दुष्यंत चौटाला का साथ देंगे या नहीं। पहले उनका परिवार इकट्ठा हो जाए, फिर किसानों के बीच आएं। उसके बाद किसान सोचेंगे क्या करना है।”
टिकैत ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत और चौधरी देवीलाल के संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब चौधरी देवीलाल थे, तब किसानों के बीच उनका सम्मान था। टिकैत ने टिप्पणी की कि जब परिवार बंट जाता है, तो सरकार पहले शामिल करती है और फिर अलग कर देती है। हिसार पुलिस के साथ दुष्यंत चौटाला के विवाद पर बोलते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि परिवार में अगर झगड़ा होगा तो भाजपा उन्हें अकेले-अकेले कर देगी। उन्होंने चौटाला को परिवार को एकजुट करने और फिर किसानों के बीच आने की सलाह दी।
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत जींद में चल रहे किसानों के धरने पर पहुंचे थे। टिकैत ने सरकार को ‘तानाशाह’ बताते हुए कहा कि वह किसानों की बात नहीं सुन रही है। उन्होंने घोषणा की कि अब वे चंडीगढ़ जाएंगे और वहां पंचायत करेंगे, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
जींद जिले की नई अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों द्वारा 13 दिनों से चल रहे धरने को किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत की अपील पर समाप्त कर दिया गया। टिकैत आज धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से धरना खत्म कर चंडीगढ़ की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
टिकैत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, “हरियाणा का किसान एक बार जो ठान लेता है, फिर बाद में वो पीछे नहीं हटता। बड़ी मुश्किल से किसानों को समझाया है कि अब काम का समय है। धरना खत्म करें और चंडीगढ़ की तैयारी करो। मैंने किसानों से यही कहा है।” धरना समाप्त होने के बाद राकेश टिकैत ने किसानों के विभिन्न मुद्दों को लेकर चंडीगढ़ में जल्द ही किसानों की महापंचायत बुलाने का आह्वान किया।
यह धरना मुख्य रूप से मंडी संबंधी नियमों, फसल खरीद व्यवस्था और किसानों-आढ़तियों की मांगों को लेकर चल रहा था। राकेश टिकैत की अपील के बाद किसान धरना समाप्त कर चंडीगढ़ महापंचायत की तैयारी में जुट गए हैं।
उन्होंने 2013 में बने एक नए कानून में राहुल गांधी के प्रमुख योगदान का भी जिक्र किया। टिकैत ने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी को ‘बेवकूफ साबित’ करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है और अपनी पूरी आईटी सेल को इस काम में लगा रखा है। उन्होंने हरियाणा के कांग्रेस नेताओं से ‘त्याग’ करने और मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षा छोड़ने का आह्वान किया।
#Haryana #Dushyant #Farmers #RakeshTikait #Agriculture #FarmersRights #FarmersProtests #Unity #FamilyGathering #VoiceOfFarmers #SupportFarmers #RuralIndia #FarmingCommunity #FarmersVoice #SocialJustice #IndianFarmers #LocalLeadership #CommunityStrong #NurtureHaryana