अंबाला में 7 स्कूलों और बठिंडा में दो स्कूल और रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी
ईमेल से आई धमकी में खालिस्तान समर्थक नारे के साथ संस्थाओं को बम से उड़ने की धमकी

सत्य खबर हरियाणा/पंजाब
Threat e-mails : हरियाणा से लेकर पंजाब तक आज धमकी भरे ईमेल से हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। हरियाणा के अंबाला में आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय सहित 7 स्कूलों को ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी दी गई जबकि बठिंडा में रेलवे स्टेशन और दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल आने से हड़कंप मच गया। यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस प्रकार की धमकी भरी ईमेल आई हों। अंबाला में जनवरी महीने में 15 स्कूलों को एक साथ इस प्रकार की धमकी आई थी। हरियाणा के गुड़गांव, फरीदाबाद, जींद, हिसार, फतेहाबाद में भी धमकी भरी ईमेल आ चुकी हैं।

वीरवार को सुबह सैन्य क्षेत्र स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल की जूनियर व सीनियर ब्रांच, केंद्रीय विद्यालय-एक, दो, तीन, चार सहित एक अन्य निजी बड़े स्कूलों को ईमेल के जरिए विस्फोट की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
हालांकि अभी तक किसी भी स्कूल की तरफ से छुट्टी नहीं की गई है। पुलिस का दावा है कि स्थिति सामान्य है। स्कूलों में चेकिंग अभियान चलाकर जांच की जा चुकी है। ई-मेल में अभी तक खालीस्तान जिंदाबाद सहित धमाके की धमकी होने का जिक्र होने की बात सामने आई है। हालांकि अभी तक अधिकारिक रूप से इस ई-मेल की पुष्टि नहीं की गई।
छावनी में सुरक्षा सख्त, तैनात की गई सेना
धमकी भरे मेल की गंभीरता को देखते हुए स्कूलों व सैन्य क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। चूंकि मामला आर्मी स्कूल और कैंट क्षेत्र से जुड़ा है, इसलिए एहतियात के तौर पर सैन्य पुलिस और सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर के पास रुकने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस व बम निरोधक दस्ता स्कूलों के अंदर और आसपास सघन चेकिंग अभियान चला रहे हैं। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यह किसी की शरारत भी हो सकती है, लेकिन सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर धमकी भरा मेल
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां उस ईमेल आईडी की जांच कर रही हैं, जिससे ये संदेश भेजे गए हैं। शुरुआती जांच में इसे दहशत फैलाने की साजिश माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के जरिए मेल के सर्वर और लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है। बता दें कि 26 जनवरी से पहले भी अंबाला के 15 स्कूलों में एक साथ इसी तरह से धमकी भरी ई-मेल आई थी। जो बाद में फर्जी पाए गए थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।
बठिंडा में दो प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों और रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने की धमकी
बठिंडा शहर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दो प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों सेंट जेवियर स्कूल और मिलेनियम स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके साथ ही बठिंडा रेलवे स्टेशन को भी निशाना बनाने की चेतावनी भरा ईमेल सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया और पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर दोनों स्कूलों को तत्काल खाली करवा लिया गया। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को सूचित कर बच्चों को सुरक्षित घर भेजा। इस दौरान अभिभावकों में भी चिंता का माहौल देखने को मिला। स्कूल परिसरों में पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सघन तलाशी अभियान चलाया, हालांकि देर शाम तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हो सकी।
उधर, बठिंडा रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल के साथ आरपीएफ और जीआरपी की टीमें संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं। यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की जा रही है और स्टेशन परिसर में हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।
#Haryana #AmbalaSchools #BathindaSchools #BombThreats #SafetyFirst #SchoolSecurity #EmergencyResponse #CommunityAlert #PublicSafety #StayInformed #LocalNews #BreakingNews #VigilantEyes #CrisisManagement #HaryanaPolice #SchoolSafety #RailwayStation #AmbalaNews #BathindaNews