पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर हंगामा
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लगाया टॉर्चर करने का आरोप, पुलिस ने कहा युवक ने निगला नशीला पदार्थ, जिससे गई जान

सत्य खबर हरियाणा
Death in Police Custody : हांसी सीआईए पुलिस की हिरासत में एक युवक की मौत पुलिस के गले की फांस बनता नजर आ रहा है। इस मामले में मृतक युवक के परिजन सीधे तौर पर युवक की मौत के लिए सीआईए पुलिस द्वारा युवक को टॉर्चर किया जाना बता रहे हैं। फिलहाल मृतक संदीप उर्फ कुलदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।

जगदीश कॉलोनी में बुधवार शाम छापेमारी के दौरान पकड़े गए 25 वर्षीय युवक संदीप की पुलिस की सीआईए वन टीम की कस्टडी में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस के टॉर्चर से उसकी मौत हुई। पुलिस का कहना है कि युवक ने सीआईए टीम को देखते ही हाथ में लिया नशीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। पुलिस द्वारा युवक से सात ग्राम चिट्टा भी मिलने का भी दावा किया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक के खिलाफ नशीला पदार्थ मिलने का मामला भी दर्ज किया जाएगा।
मृतक युवक के परिजनों ने युवक की मौत के बाद हंगामा किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हंगामे की सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन मृतक युवक के परिजन शांत होने का नाम नहीं ले रहे हैं।
पुलिस के अनुसार हांसी पुलिस को जगदीश कॉलोनी में एक युवक के नशीला पदार्थ बेचने की सूचना मिली थी। जिस पर बुधवार दोपहर बाद सीआईए वन की टीम वहां पहुंची। पुलिस ने पहले मुखबिर को संदीप से नशीला पदार्थ खरीदने के लिए भेजा। जैसे ही उसने नशीला पदार्थ संदीप से खरीदा तो टीम ने रेड की। टीम को देखते ही संदीप पॉलिथीन सहित नशीला पदार्थ निगल गया। काफी मात्रा में चिट्टा शरीर में चला गया। इस दौरान पुलिस ने कुछ नशीला पदार्थ उससे बरामद भी किया।
पुलिस का कहना है कि हालत बिगड़ी तो उसे शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया। निजी अस्पताल में पहुंचने तक युवक को पूरा नशा भी हो गया था। अस्पताल ने उसकी गंभीर हालत देखकर हिसार रेफर किया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में मृतक के दो परिजन उनके साथ थे। उन्होंने कोई टॉर्चर नहीं किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में पता चला है कि संदीप ने पहले भी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नशीला पदार्थ निगला था। तब वह कई महीनों तक बीमार रहा था। उस पर पहले कितने मामले दर्ज हैं इसकी जांच की जा रही है।
डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि सूचना पर सीआईए वन टीम ने रेड की थी। रेड के दौरान युवक ने टीम को देखते ही नशीला पदार्थ निगल लिया। टीम ही उसे अस्पताल में लेकर गई। जहां से हिसार रेफर किया। नशीले पदार्थ के अत्याधिक मात्रा में सेवन से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने उसे टॉर्चर नहीं किया। टीम ने सात ग्राम चिट्टा बरामद भी किया है। इसमें मामला भी दर्ज किया जाएगा। परिजनों का आरोप है तो उनके बयान दर्ज करेंगे।
हिसार के शांति देवी अस्पताल के चिकित्सक अशोक कुमार ने बताया कि हांसी सीआईए पुलिस युवक को लेकर आई थी। इस युवक को मृत ही लाया गया था। शव पर कोई चोट के निशान नहीं हैं। तीन-चार पुलिसकर्मी इसे शाम 6 से 7 बजे के बीच अस्पताल लेकर आए थे। इसकी मौत नशे की ओवरडोज से हुई है या नहीं, यह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।
मृतक संदीप की चाची राजबाला ने कहा कि साढ़े तीन बजे पुलिसकर्मी हमारे घर आए। आते ही वह संदीप को पीटने लगे। उनकी पिटाई से वह बेहोश भी हो गया। इसके बाद वह उसे थाने ले गए और हमें एक घंटे बाद थाने में आने को कहा। जब हम थाने में पहुंचे तो पुलिस वालों ने कहा कि दो-तीन लोग हमारे साथ चलो। इसके बाद वह हमें व संदीप को यहां अस्पताल में लेकर आए जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस वालों की पिटाई से ही संदीप की मौत हुई है।
#HaryanaProtests #HansiUproar #JusticeForYouth #PoliceCustodyDeath #HaryanaYouth #HansiVoices #EndPoliceBrutality #HaryanaAwakening #YouthRights #HansiJustice #HaryanaSolidarity #DemandJustice #HansiCommunity #HaryanaNews #PoliceAccountability #HansiTragedy #HaryanaVoices #StandWithHansi #HansiDemands #JusticeForAll