Haryana: बिजली निगम कर्मचारियों ने प्राइवेट मैकेनिक को बिजली ठीक करने के लिए भेजा, प्राइवेट मैकेनिक की मौत

Haryana: गुरुग्राम जिले में एक बिजली कर्मचारियों को रात के समय बिजली ठीक करने के लिए एक प्राइवेट बिजली मैकेनिक को भेजना महंगा पड़ गया है। जिस समय प्राइवेट बिजली मैकेनिक बिजली ठीक करने के लिए पहुंच बिजली की लाइन बंद नहीं की गई थी जिससे उसे करंट लग गया और वह नीचे गिर गया बाद में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली निगम कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सोहना सदर थाने में एक शिकायत देकर बिजली निगम कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

क्या है आरोप
यह घटना सोहना के गांव सांचौली की है। बताया गया है कि गांव में 28 नवंबर की रात को बिजली की लाइन में फाल्ट आ गया था। ऐसे में लोगों ने इसकी शिकायत बिजली निगम में दी। बताया जा रहा है कि बिजली निगम के लाइनमैन नवीन ने स्वयं मौके पर आने की बजाय गांव भिरावटी के रहने वाले हरपाल (31) को मौके पर जाकर फाल्ट ठीक करने के लिए कह दिया। आरोप है कि जब हरपाल बिजली की 11 हजार केवी की लाइन पर काम करने के लिए गया तो उस वक्त बिजली निगम के कर्मचारियों ने लाइन से करंट नहीं काटा। ऐसे में हरपाल जब फाल्ट रिपेयर करने के लिए खंभे पर चढ़ा तो उसे करंट लग गया और वह नीचे आ गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या कह रहे हैं ग्रामीण
आज ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि बिजली निगम के लाइनमैन नवीन व फोरमैन उस्मान द्वारा बिजली के फाल्ट रिपेयर कराने के लिए हरपाल को ही बुलाया जाता था। ऐसे में यह घटना बिजली निगम के कर्मचारियों के कारण ही घटित हुई है। इस पर ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सोहना सदर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।