Haryana: गुरुग्राम से साइकिल चलाकर पहुंचे अधिकारी, लौटे में नमक डाल युवाओं से लिया नशा छोड़ने का संकल्प

Haryana: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और नशा मुक्त समाज बनाने के लिए एक अनोखी और संवेदनशील पहल शुरू की है। इसके तहत युवाओं और आम नागरिकों से लोटे में नमक डालकर नशा न करने का वचन लिया जा रहा है। इस मुहिम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक संदेश फैलाना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने गुरुग्राम से 59 किलोमीटर साइकिल चलाकर रेवाड़ी पहुंचकर इस मुहिम को बल दिया और नशे के खिलाफ समाज को एकजुट करने का संदेश दिया।
साइकिल यात्रा से दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
रेवाड़ी पहुंचने के बाद डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को एकत्र कर नशा मुक्त समाज की आवश्यकता और महत्व पर चर्चा की। उन्होंने लोगों से लोटे में नमक डालकर यह संकल्प दिलवाया कि वे स्वयं भी नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। डॉ. वर्मा ने कहा कि इस अनोखे तरीके का उद्देश्य लोगों के मन में नशा छोड़ने का दृढ़ संकल्प पैदा करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए समाज का सहयोग आवश्यक है।

नशे के विरुद्ध ब्यूरो की उपलब्धियां
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की उपलब्धियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ब्यूरो दो तरह से काम कर रहा है: पहला, नशा तस्करों को पकड़कर उन्हें जेल तक पहुंचाना, और दूसरा, समाज में जागरूकता फैलाना। वर्ष 2023 में ब्यूरो ने 3823 अभियोग दर्ज कर 5930 अपराधियों को जेल भेजा है, जबकि वर्ष 2024 में अब तक 3330 अभियोग दर्ज कर 5328 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। जनवरी 2025 से जून 2025 तक 1858 अभियोग दर्ज कर 3051 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त, नशा तस्करी में संलिप्त करीब 87 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।
नशा मुक्त भारत के लिए जागरूकता जरूरी
डॉ. वर्मा ने कहा कि जागरूकता ही नशे की दलदल में फंसने से बचने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोगों को बताया कि सरकार ने 1933, NCB MANAS पोर्टल और हरियाणा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9050891508 जारी किया है, जिन पर गुप्त सूचना देकर नशा तस्करी और नशे के कारोबार की जानकारी दी जा सकती है। इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ युवाओं को नशे के खतरे से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। लौटे में नमक डालकर लिया गया यह संकल्प भविष्य में नशा मुक्त भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।