हरियाणा के AQI में मामूली सुधार, पारा स्थिर मानेसर की हवा प्रदेश में सबसे खराब, पलवल गर्म और नारनौल ठंडा
हरियाणा के AQI में मामूली सुधार, पारा स्थिर मानेसर की हवा प्रदेश में सबसे खराब, पलवल गर्म और नारनौल ठंडा

Satya Khabar Panchkula
Haryana Weather Update : हरियाणा के AQI में आज सुबह कल के मुकाबले सुधार देखा गया है। आज सुबह इसमें कल के मुकाबले 50 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। कल सुबह 5 बजे हरियाणा का AQI 354 दर्ज हुआ था, जो खतरनाक श्रेणी में था, लेकिन आज सुबह 5 बजे हरियाणा का AQI 287 दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में है। आज सुबह 2 बजे के बाद से हरियाणा का AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज हो रहा है।
हरियाणा के गुरुग्राम और मानेसर की हवा खतरनाक श्रेणी में है। हरियाणा का मानेसर AQI 396 के साथ प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर बना हुआ है। गुरुग्राम में AQI 309 दर्ज किया गया है। यह प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। हरियाणा के कैथल और फतेहाबाद की हवा अस्वस्थ श्रेणी में दर्ज की गई है। प्रदेश में कैथल की हवा सबसे साफ दर्ज हुई है। यहां AQI 190 दर्ज किया गया। फतेहाबाद में AQI 196 बना हुआ है।
आज सुबह 5:00 बजे हरियाणा की विभिन्न शहरों में हवा गंभीर श्रेणी में बनी हुई थी। हरियाणा के सिरसा में AQI 203, जींद में 207, नारनौल में 208, अंबाला और यमुनानगर में 223, भिवानी और सरसोली में 224, हिसार में 225, पानीपत और चरखी दादरी में 227, पंचकूला में 230, कुरुक्षेत्र और बेगमपुर में 245, कैमला में 260, करनाल में 262, पलवल में 263, नौल्था में 272, मंडी खेड़ा में 275, सिवानी में 276, रोहतक में 278, फरीदाबाद में 289, सोनीपत और बहादुरगढ़ में 290, धारुहेड़ा में 298 दर्ज किया गया है।
पलवल गर्म और नारनौल ठंडा
हरियाणा में कल पलवल सबसे गर्म और नारनौल सबसे ठंडा इलाका रहा। नारनौल में दिन का तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में यमुनानगर में सबसे कम 21.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। दिन के समय हरियाणा के अधिकांश शहरों में तापमान 25 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। सोनीपत में 25.1, गुरुग्राम में 25.2 और मेवात में 26.9 दर्ज किया गया। रात के समय नारनौल में सबसे कम 5.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा मेवात में 10.9 डिग्री दर्ज किया गया। फरीदाबाद, गुरुग्राम और रोहतक में भी तापमान 10 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है। कैथल और सिरसा में रात का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम का पूर्वानुमान
हरियाणा में सर्दी अब पूरी रफ्तार पकड़ती दिख रही है। पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी का सीधा असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के मौसम पर पड़ा है। मंगलवार और बुधवार की सुबह लोगों ने ठंडी हवाओं के बीच दिन की शुरुआत की। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में पारा और नीचे जा सकता है और कई इलाकों में कोल्ड वेव जैसी स्थिति भी बन सकती है।

बुधवार को हरियाणा का आसमान साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह के वक्त हल्का कोहरा कुछ हिस्सों में दृश्यता कम कर सकता है। दिन में चल रही तेज और ठंडी हवाएं तापमान में और गिरावट ला सकती हैं। आईएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम लगभग 6 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह ठंड और बढ़ सकती है। पांच दिसंबर को हल्के बादल और सुबह घना नहीं तो हल्का कोहरा रहने की आशंका है। कुछ स्थानों पर ठंडी हवाओं के चलते कोल्ड वेव की स्थिति भी बन सकती है। छह और सात दिसंबर को भी आसमान में हल्के बादल रहेंगे और सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री के बीच और न्यूनतम 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है।
हरियाणा में पारा धीरे-धीरे नीचे खिसक रहा है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में यह 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो इस सीजन की सबसे ठंडी सुबहों में से एक होगी। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सुबह–शाम बाहर निकलने पर विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के लिए यह ठंड चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
