भाजपा मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाकर समाज को बांटने में लगी है : कर्मवीर बौद्ध
कहा, राजनीतिक मतभेद भुलाकर सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा

सत्य खबर हरियाणा
MP karmveer Bodh : राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के विजन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जनता यह जानना चाहती है कि पिछले 12 वर्षों में आम आदमी को धरातल पर क्या मिला? देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकार जमीनी हकीकत सुधारने के बजाय भविष्य के सपने दिखाने में व्यस्त है।

राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध करनाल पहुंचे थे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने संविधान की रक्षा, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नीट परीक्षा विवाद, वोटर लिस्ट पुनरीक्षण और हरियाणा-पंजाब की राजनीति को लेकर सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। सांसद ने कहा कि आज देश को बचाने के लिए सभी को राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर सोचने की जरूरत है, जबकि भाजपा मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाकर समाज को बांटने में लगी है।
सांसद कर्मवीर बौद्ध ने आरोप लगाया कि देश का संविधान आज खतरे में है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि आज लोगों को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। देशहित को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से अपील की कि वे पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए काम करें।
नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए बौद्ध ने कहा कि परीक्षाओं के रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों को भारी मानसिक तनाव और अवसाद का सामना करना पड़ा है। आगामी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हों ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर उन्होंने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए चुनाव नजदीक आते ही भाजपा को एसआईआर की याद आने लगती है। यह चुनाव आयोग का एक नियमित कार्य है, लेकिन इसका राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। विपक्षी मतदाताओं के नाम काटने और अपने पक्ष के फर्जी वोट जोड़ने का प्रयास होता है। हरियाणा में कांग्रेस की टीमें इस पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और किसी भी गड़बड़ी का डटकर विरोध किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों पर कटाक्ष करते हुए सांसद ने कहा कि भाजपा को पहले हरियाणा की अपनी समस्याओं को सुलझाना चाहिए। क्या प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और अपराध कम हुए हैं? शिक्षा और कानून व्यवस्था आज भी राज्य में गंभीर चुनौती बनी हुई है। मुख्यमंत्री एक संवैधानिक पद है और उन्हें गंभीरता से जनता के असल मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
पंजाब के संदर्भ में बात करते हुए कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि वहां कांग्रेस बेहद मजबूती के साथ काम कर रही है और वे खुद वहां लगातार संगठनात्मक बैठकें ले रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित वायरल वीडियो पर उन्होंने कहा कि बिना वीडियो देखे टिप्पणी करना उचित नहीं होगा, लेकिन जनता अब नेताओं की कथनी और करनी का अंतर अच्छी तरह समझने लगी है।
#HaryanaPolitics #BJP #SocialUnity #KarmveerBauddh #DivisivePolitics #KeyIssues #PoliticalDiscourse #SocialJustice #CommunityStrength #CivicEngagement #PublicAwareness #PoliticalAccountability #UnityInDiversity #SocialHarmony #PoliticalDebate #HaryanaVoices #DemocracyInAction #CitizenParticipation #SocialChange #PoliticalAwakening