पंजाब की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात, 1 जुलाई को खातों में आएगी राशि

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश की महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत और आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने रविवार को चनार्थल कलां गांव में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान बताया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 1 जुलाई को एक साथ तीन महीने की राशि भेजी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार करना है।
एक साथ मिलेगी तीन महीने की पहली किस्त
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि योजना के तहत अप्रैल, मई और जून महीने की बकाया राशि भी लाभार्थियों को एक साथ दी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को तीन महीने के लिए कुल 3,000 रुपये जबकि अनुसूचित जाति की महिलाओं को 4,500 रुपये सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। सरकार द्वारा राशि भेजे जाने के बाद महिलाओं को मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भी दी जाएगी।
सामान्य और एससी महिलाओं को अलग-अलग सहायता
राज्य सरकार की इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता बढ़ाने और परिवार की वित्तीय स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुई थी घोषणा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि इस योजना की घोषणा 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विधानसभा के विशेष सत्र में की गई थी। इसके बाद इसे 1 अप्रैल 2026 से लागू कर दिया गया। चूंकि योजना अप्रैल से प्रभावी है, इसलिए शुरुआती तीन महीनों की राशि भी एक साथ जारी की जा रही है।
9300 करोड़ रुपये का बजट, 97 फीसदी महिलाओं को लाभ
पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का दावा है कि इस योजना का लाभ राज्य की करीब 97 प्रतिशत वयस्क महिलाओं को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का एक बड़ा कदम है।