जनवरी के अंत तक जारी रहेगी शीतलहर, पारा शून्य के पास पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में होगा बदलाव, बारिश की संभावना
जनवरी के अंत तक जारी रहेगी शीतलहर, पारा शून्य के पास पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में होगा बदलाव, बारिश की संभावना

Haryana Weather Update : हरियाणा में कड़ाके की ठंड जारी है और कई जगहों पर पारा जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है। हरियाणा के हिसार में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि प्रदेश में सबसे कम रहा। गुरुवार को महेंद्रगढ़ में 0.8 डिग्री और नारनौल में 1.5, जींद और सोनीपत में 2.6, नूंह और सिरसा में 2.9, फरीदाबाद और पानीपत में 4.1, रोहतक में 4.4, करनाल में 4.8, अंबाला में 5.0, गुरुग्राम में 5.3 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज पूरे हरियाणा में कोहरे और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में कोल्ड-डे की स्थिति रह सकती है। किसान भी परेशान हैं, क्योंकि बार बार गिरता तापमान फसलों पर असर डाल सकता है।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार शुक्रवार से एक कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा। ऐसे में शुक्रवार से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। 16 से 18 जनवरी के दौरान आंशिक बादल छाएंगे। 19 से 22 जनवरी के दौरान बूंदाबांदी की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तरी बर्फीली सर्द हवाओं से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पूरे इलाके में रात का तापमान जमाव बिंदु और जमाव बिंदु के आसपास बना हुआ है। अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
अधिकतर स्थानों पर शीतलहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति बन रही है। वहीं, सुबह के समय अधिकतर स्थानों पर सघन से अति सघन कोहरा देखने को मिल रहा है, जिसकी वजह से शीत दिवस की स्थिति भी पैदा हो रही है।
आने वाले दिनों में एक के बाद एक लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम में बदलाव आएगा। पहला पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी को सक्रिय होगा। 16 से 18 जनवरी के दौरान आंशिक बादल छाएंगे। दूसरा 19 जनवरी को सक्रिय होने से 19 से 22 जनवरी के दौरान आंशिक बादल छाने और उत्तरी जिलों पर एक दो स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है।
वहीं, 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 25 जनवरी के दौरान हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में मध्यम बारिश होगी। इस विक्षोभ के गुजरते ही 26 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 26 से 28 जनवरी के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऐसे में इस महीने के अंत तक ठंड अपने तेवर दिखाएगी।
हरियाणा में प्रदूषण
प्रदेश में बारिश नहीं होने के कारण प्रदूषण की स्थिति लगातार खतरनाक बनी हुई है। आज सुबह 7:00 बजे हरियाणा का औसत AQI 390 दर्ज किया गया जो कल इस समय दर्ज किए गए AQI के आसपास है। प्रदेश के फरीदाबाद में AQI 469 दर्ज किया गया, जो सबसे ज्यादा था। इस दौरान बहादुरगढ़ में 429, गुरुग्राम में 431, हिसार में 347, महावतपुर में 398, मानेसर में 393, पलवल में 402, रेवाड़ी में 350, समालखा में 310, सोहना में 354 और सोनीपत में 315 दर्ज किया गया। इन सभी जगह हवा खतरनाक श्रेणी में दर्ज हुई। प्रदेश की यमुनानगर में 248, रोहतक में 253, पानीपत में 293, पंचकूला में 258, नारनौल में 245, कुरुक्षेत्र में 207, करनाल में 260, कैथल में 211, फतेहाबाद में 281, धारूहेड़ा में 292, चरखी दादरी में 241, भिवानी में 266, अंबाला में 228 दर्ज किया गया। इन सभी जगह हवा गंभीर श्रेणी में थी। इस दौरान जींद में AQI 190 और सिरसा में 171 दर्ज किया गया। जींद और सिरसा की हवा अस्वस्थ श्रेणी में दर्ज हुई।