किसान आंदोलन में किसानों के बीच जाने पर गृहमंत्री ने रोका था बीरेंद्र सिंह को
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने किया भाजपा छोड़ने पर बड़ा खुलासा

Satyakhabar, Haryana
Birender Singh : पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा है कि उन्होंने भाजपा इसलिए छोड़ी क्योंकि भाजपा गरीब और कमेरे वर्ग के साथ खड़ा होने से रोकने का काम कर रही थी। अपने पूर्व सांसद पुत्र बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा के दौरान फरीदाबाद में बीरेंद्र सिंह ने इस बात का खुलासा किया। बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा को अब महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज का भी समर्थन हासिल हुआ है।
बीरेंद्र सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जब किसान आंदोलन चल रहा था तो वह किसानों के बीच गए थे। तब गृहमंत्री ने उन्हें कहा कि वह किसानों के बीच क्यों गए? तो उन्होंने सीधा कहा था कि ऐसी कौन सी पार्टी है जो किसान और जवान के अनदेखी करती हो। उन्होंने कहा कि उन्होंने उसी समय फैसला कर लिया था कि ऐसी पार्टी में वह नहीं रह सकते जो किसान, जवान और कमेरे वर्ग का साथ देने से रोकने का काम करती हो।
इस अवसर पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी सद्भाव यात्रा कांग्रेस नेता और संसद में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने के लिए है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में हरियाणा में भाईचारा काफी खराब हुआ है और उनकी यह यात्रा प्रदेश के भाईचारे को कायम करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कि देश में भाईचारा कायम कर देश को आगे बढ़ने का काम कर सकती है। उन्होंने मनरेगा के नाम परिवर्तन और इसमें बदलाव को लेकर कहा कि कांग्रेस हर स्तर पर मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए काम कर रही है।