तीन नगर निगमों समेत सात निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल हुआ गर्म सोनीपत नगर निगम में आज और अंबाला में कल खत्म हो रहा है कार्यकाल
तीन नगर निगमों समेत सात निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल हुआ गर्म सोनीपत नगर निगम में आज और अंबाला में कल खत्म हो रहा है कार्यकाल

Local Body Election : हरियाणा में तीन नगर निगम, एक नगर परिषद और तीन नगर पालिकाओं के चुनाव को लेकर ठंड के इस मौसम में राजनीतिक गर्मी का माहौल शुरू हो गया है। पंचकूला नगर निगम का कार्यकाल 4 जनवरी को पूरा हो चुका है। सोनीपत नगर निगम का कार्यकाल आज पूरा हो रहा है जबकि अंबाला नगर निगम का कार्यकाल कल पूरा होगा। इन तीन नगर निगमों में से एक नगर निगम के मेयर का पद बीसी-बी को जाना निश्चित है और इसके लिए ड्रॉ 22 जनवरी को निकाला जाएगा।
हालांकि हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी इस तरीके से की जा रही है कि यह फरवरी में संभव हो सके लेकिन सूत्रों का कहना है कि फरवरी के आखिर में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो जाएगी और यह अप्रैल के शुरू तक चलेंगी ऐसे में बहुत हद तक संभावना है कि चुनाव अप्रैल के आखिर में या उसके बाद करवाए जाएं।
प्रदेश में कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर 36 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। लेकिन पार्टी ने अभी केवल नगर निगम चुनाव को लेकर तैयारी शुरू की है। इस कमेटी में केवल इन तीन नगर निगम से संबंधित नेता ही सदस्य बनाए गए हैं। हरियाणा में पंचकुला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा, सांपला और उकलाना निकायों में भी चुनाव होने हैं।
भाजपा ने फैसला कर लिया है कि वह नगर निगम के चुनाव अपने पार्टी चुनाव चिन्ह पर लड़ेगी लेकिन पार्टी ने नगर परिषद और नगर पालिका के मामले में फैसला पार्टी की जिला इकाइयों पर छोड़ दिया है। लेकिन माना जा रहा है कि भाजपा सभी चुनाव अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ेगी। हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा जहां निकाय चुनाव की तैयारी में लगे हैं वहीं इनेलो, जजपा और आप पार्टी ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
शहरी स्थानीय विभाग के महानिदेशक अशोक मीणा ने बताया कि प्रस्तावित निकाय चुनावों के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। विभाग की ओर से जल्द ही इसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग को दे दी जाएगी। जिसके बाद आयोग के ऊपर निर्भर करेगा कि उनकी ओर से कब चुनाव का ऐलान किया जाता है। विभाग से सिफारिश आने के बाद ही होगा तिथियों का ऐलान कल्याण हरियाणा के राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने कहा कि प्रस्तावित निकाय चुनावों के लिए शहरी निकाय विभाग से तैयारियों का पूर्ण ब्यौरा आने के बाद ही चुनाव आयोग की ओर से तैयारी शुरू की जाएगी। विभाग से सिफारिश आने के बाद चुनाव के लिए एक निर्धारित समय होता है उसके तहत ही चुनावी तिथियों की घोषणा की जाएगी।
माना जा रहा है कि स्थानीय निकाय विभाग 22 जनवरी को ड्रॉ निकालने के बाद चुनाव आयोग को इसकी जानकारी दे देगा और उसके बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।